![]()
नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 7 लोक कल्याण मार्ग पर ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 से पदक जीतकर लौटे भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की और शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें बधाई दी।
खिलाड़ियों से बातचीत के बाद पीएम मोदी ने एक्स पर तस्वीरें साझा कर लिखा, “मुझे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पदक विजेताओं की मेजबानी करके बहुत प्रसन्नता हुई। हर खिलाड़ी ने अपने शानदार प्रदर्शन से देश का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता कई युवाओं को प्रेरित करेगी।”
प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से कहा, “जो खेलेगा, वो खिलेगा। हमेशा भारत का हौसला बढ़ाइए। दोस्तों, आपने बहुत अच्छा काम किया है। आपने देश का मान बढ़ाया है। मैं आपको दिल से बधाई देता हूं।” उन्होंने मेडल विजेताओं को उत्कृष्टता की कोशिश जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा, “मेरा यकीन मानिए, आप भविष्य में भी जीत हासिल करते रहेंगे और हम एक बार फिर यहां मिलेंगे।”
*मीराबाई चानू से भावुक बातचीत*
गोल्ड मेडल विजेता वेटलिफ्टर मीराबाई चानू से बातचीत के दौरान पीएम मोदी भावुक हो गए। चानू अपने संघर्ष और पोडियम पर तिरंगा फहराने के पल को याद कर भावुक हो गईं। उन्होंने कहा, “बहुत सारे आंसू बह रहे थे। मुझे लगता है उन आंसुओं की हर बूंद सोने के मेडल जैसी है।”
*ग्लास्गो में भारत का प्रदर्शन*
ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने कुल 39 पदक जीते। इसमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य शामिल हैं।
बॉक्सिंग में भारत का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन रहा। भारतीय मुक्केबाजों ने 7 गोल्ड और 3 सिल्वर जीते।
जूडो में भी भारत ने अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। 12 इवेंट में हिस्सा लेकर देश ने 4 मेडल जीते – 2 गोल्ड, 1 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज। अस्मिता पहली भारतीय महिला और हर्ष पहले भारतीय पुरुष जूडोका बने जिन्होंने कॉमनवेल्थ में गोल्ड जीता।
कुश्ती, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, हॉकी और शूटिंग जैसे खेल नहीं होने के बावजूद भारत ने बॉक्सिंग, जूडो, एथलेटिक्स और पैरा-एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन कर पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया।