गोली मारकर फरार हुआ 2 हजार का इनामी मुरैना से गिरफ्तार

​ग्वालियर। डबरा सिटी थाना पुलिस ने फसल नुकसान के विवाद में किसान पर गोली चलाकर फरार हुए दो हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुरैना जिले से गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली है।

चांदपुर निवासी दलबीर रावत अपने खेत में पानी दे रहा था। तभी वहां पहुंचे दो चार पहिया वाहनों के चालकों ने लापरवाही से वाहन बैक करते हुए किसान की सरसों की फसल को नुकसान पहुंचाया। जब किसान ने इसका विरोध किया, तो गाड़ियों से उतरे 3-4 बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली दलबीर के बाएं पैर की जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले थे। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर बुद्धा सिंह और तीन अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा दो हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जयराज कुबेर और एसडीओपी डबरा सौरभ कुमार के मार्गदर्शन में डबरा सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा ने पुलिस टीम गठित की। रविवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि इस मामले का फरार इनामी आरोपी बुद्धा उर्फ सुमंत गोस्वामी, दोपहर के समय ग्राम उरैरा (थाना जौरा, जिला मुरैना) के पास एक खेत में बनी झोपड़ी पर आने वाला है।

​सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। आज दोपहर करीब 3:30 बजे जैसे ही आरोपी झोपड़ी के पास पहुंचकर किसी का इंतजार करने लगा, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम बुद्धा उर्फ सुमंत गोस्वामी (38 वर्ष), निवासी उटीला (हाल निवासी सुरक्षा विहार कॉलोनी, ग्वालियर) बताया। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।

फरार इनामी आरोपी को दबोचने में थाना प्रभारी डबरा सिटी उपनिरीक्षक संजय शर्मा, उपनिरीक्षक राजकुमार जाटव, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र दीक्षित और आरक्षक मिन्टू परिहार की भूमिका रही।

Next Post

दमोह-नरसिंहगढ़ मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत

Mon Jun 29 , 2026
दमोह। जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत नरसिंहगढ़-दमाेह मार्ग पर रवि-सोम करीब 1 बजे देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। एक बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार यादव को इलाज के लिए दमोह जिला अस्पताल लाया गया, […]

You May Like