तेहरान, 14 जून (वार्ता) ईरान के अराश कामिकेज़ ड्रोन ने शनिवार सुबह सटीक निशाना साधते हुए इजरायल में ठिकानों पर हमला किया और उन्हें नष्ट कर दिया।
ईरान की अर्ध-सरकारी न्यूज एजेंसी तस्नीम ने अपनी रिपोर्ट बताया है कि अराश एक मानव रहित हवाई वाहन या फिर ड्रोन है जिसकी परिचालन सीमा 2,000 किलोमीटर से अधिक है। इसे ईरान के सैन्य विशेषज्ञों द्वारा डिजाइन और विकसित किया गया है।
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि उसने इज़रायल में सैन्य केंद्रों और हवाई ठिकानों सहित कई लक्ष्यों के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किया है। ईरान ने इजरायल के हवाई हमलों के बदला लेने के लिए इसे शुरू किया है। गौरतलब है कि इजरायल की ओर से किये गये हमले में ईरान के कई शीर्ष रैंकिंग वाले सैन्य कमांडर, प्रमुख परमाणु वैज्ञानिक और निर्दोष नागरिक मारे गए थे।
ईरान की सेना ने कहा है कि कई अराश कामिकेज़ ड्रोन ने सफलतापूर्वक कब्जे वाले क्षेत्रों में प्रवेश किया और अपने लक्ष्यों को निशाना बनाया। गौरतलब है कि ईरान ने कब्जे वाले फ़िलिस्तीन में इजरायल के कई ठिकानों पर कम से कम पाँच बैलिस्टिक मिसाइल दागे हैं।
इसके कारण देर रात से शनिवार तड़के तक इज़रायल में अलर्ट सायरन लगातार बजते रहे। ईरानी मीडिया में फुटेज में कब्जे वाले क्षेत्रों में व्यापक मलबे को दिखाया गया है। वहीं, इज़राइल की मीडिया ने इस तबाही को इतिहास में अभूतपूर्व बताया है।
ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों के पहले हमलों के बाद इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कॉर्प्स (आईआईजीसी) ने कहा कि कम से कम 150 सैन्य और खुफिया ठिकानों के साथ ही हथियार निर्माण केंद्रों को निशाना बनाया गया है। बाद के मिसाइल हमलों के बाद कोई और बयान नहीं आया है। कुछ इज़राइली मीडिया संस्थानों ने यहूदी इकाई पर वारहेड्स को ‘भयानक’ बताया।
उधर, इजरायल की मीडिया और नेताओं ने ईरान की ओर से किये गये हमले में तीन लोगों के मारे जाने की बात कही है। इज़रायल में विपक्षी दल के नेता यायर लैपिड ने तीन इज़रायली नागरिकों की मौत पर शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा, “इज़रायल के लिए यह भारी रात थी।” उन्होंने कहा, “हम एक मजबूत सेना के साथ एक मजबूत लोग हैं।”
इजरायली रक्षा बल (आईडीएफ) ने कहा है कि देश की वायु सेना ईरान में लक्ष्यों पर हमला करने के लिए तैयार है। इस बयान के जारी होने से थोड़ी देर पहले, आईडीएफ चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल इयाल ज़मीर और इजरायली वायु सेना प्रमुख मेजर जनरल तोमर बार ने संयुक्त स्थिति का आकलन किया। उन्होंने कहा कि ईरान का रास्ता साफ हो गया है। उन्होंने कहा, “योजनाओं के अनुसार, वायु सेना के लड़ाकू विमान तेहरान में लक्ष्यों पर हमला करना शुरू कर देंगे।”

