
सीहोर/आष्टा. जिले के आष्टा में समुदाय विशेष के एक युवक की तरफ से सोशल मीडिया पर पाकिस्तान समर्थित पोस्ट डालने पर बवाल मच गया है. पोस्ट के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हिन्दू संगठन और पुलिस हरकत में आई. पुलिस ने बिना देर किए युवक को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस उससे पूछताछ करने में जुटी है, जिससे और खुलासा हो सकता है.
जानकारी के अनुसार आष्टा के अलीपुर निवासी 20 वर्षीय शोएब पिता मुबीन सिद्दीकी ने इंस्ट्राग्राम आइडी पर पोस्ट की थी. इसमें उसने लिखा कि घमंड तो इस बात का है कि इंडिया में रहकर पाकिस्तान का सर्पोट करता हूं… यह पोस्ट वायरल होते ही हड़कंप मच गया. गुरुवार को हिन्दूवादी संगठन आक्रोशित होकर पार्वती थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंच गए. पुलिस ने फरियादी कालू भट्ट की रिपोर्ट पर आरोपी शोएब के खिलाफ राष्ट्रद्रोह की धारा में केस दर्ज कर आनन-फानन में जांच शुरू कर दी है. युवक के इस कृत्य से हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश का माहौल बना हुआ है.
