इंदौर: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शनिवार सुबह डीआरपी लाइन में इंदौर पुलिस का अनुशासन और फिटनेस एक साथ नजर आया. पुलिस कमिश्नर की मौजूदगी में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान खुले मैदान में एकसाथ योग करते दिखे.सुबह तय समय पर शुरू हुए कार्यक्रम में अलग अलग इकाइयों से पहुंचे पुलिसकर्मी लाइनबद्ध होकर योगाभ्यास में शामिल हुए. मैदान में योग प्रशिक्षकों के निर्देश पर जवानों ने ताड़ासन, भुजंगासन समेत कई योगासन किए, वहीं प्राणायाम और ध्यान सत्र में भी सभी ने भाग लिया.
पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासित माहौल और एकरूपता साफ नजर आई. इस दौरान कोलकाता में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी एलईडी स्क्रीन पर दिखाया गया, जिसे अधिकारियों और कर्मचारियों ने ध्यान से देखा. पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने इस अवसर पर कहा, पुलिस की ड्यूटी बेहद तनावपूर्ण होती है, ऐसे में योग हमारे लिए सिर्फ एक्सरसाइज नहीं बल्कि मानसिक संतुलन बनाए रखने का जरिया है. अगर पुलिस फिट रहेगी तो समाज भी सुरक्षित रहेगा. कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह, मयंक अवस्थी सहित सभी डीसीपी और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. योग सत्र खत्म होने के बाद जवानों ने नियमित रूप से योग अपनाने का संकल्प भी लिया
