ऑडियो-वियरेबल्स ब्रांड बोट ने श्रीलंका और भूटान के बाजार रखा कदम

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (वार्ता) देश के अग्रणी ऑडियो और वियरेबल्स ब्रांड बोट ने गुरुवार को श्रीलंका और भूटान में अपने कारोबार के विस्तार की घोषणा की। कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि भारत में मजबूत उपस्थिति और अपनी श्रेणियों में अग्रणी स्थान हासिल करने के बाद बोट अब विकास के अगले चरण की ओर बढ़ रहा है। नये उपभोक्ता प्रौद्योगिकी सेगमेंट में विस्तार के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार भी बोट 2.0 रणनीति का एक प्रमुख हिस्सा हैं। कंपनी पर्सनल ऑडियो में अपनी मजबूत नींव के आधार पर अब एक व्यापक उपभोक्ता प्रौद्योगिकी कंपनी के रूप में विकसित हो रही है।

श्रीलंका और भूटान को इस रणनीति का “स्वाभाविक विस्तार” बताते हुए कंपनी ने कहा कि दोनों बाजारों में युवा आबादी, डिजिटल तकनीक को तेजी से अपनाने वाले उपभोक्ता, पर्सनल इलेक्ट्रॉनिक्स की बढ़ती मांग और भारतीय ब्रांडों तथा लोकप्रिय संस्कृति के प्रति अच्छी पहचान है। इससे बोट को अधिक उपभोक्ताओं तक अपने उत्पाद और तकनीक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

बोट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव नैय्यर ने कहा, “हमारे लिए अंतरराष्ट्रीय विस्तार का मतलब केवल एक ही उत्पाद को अधिक बाजारों में उपलब्ध कराना नहीं है। हमारा उद्देश्य हर बाजार को समझते हुए, स्थानीय उपभोक्ताओं की जरूरतों के अनुरूप अपनी मौजूदगी बनाना और हर क्षेत्र में ब्रांड को प्रासंगिक बनाना है। श्रीलंका और भूटान इस लंबी यात्रा के नए पड़ाव हैं। हम भारत में विकसित बोट को एक वैश्विक कंज्यूमर लाइफस्टाइल और टेक्नोलॉजी ब्रांड बनाना चाहते हैं।”

कंपनी इन दोनों बाजारों में पर्सनल ऑडियो, स्मार्टवॉच और चार्जिंग सॉल्यूशंस सहित कई श्रेणियों के उत्पाद पेश करने की योजना बना रही है। वह स्थानीय उपभोक्ताओं की पसंद, विभिन्न श्रेणियों में उपलब्ध अवसरों और बाजार से मिलने वाली प्रतिक्रिया के आधार पर अपने उत्पाद पोर्टफोलियो का धीरे-धीरे विस्तार करेगी। यह विस्तार ऐसे समय में हुआ है, जब कंपनी का अंतरराष्ट्रीय कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में उसका अंतरराष्ट्रीय राजस्व दोगुने से अधिक हो गया।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि श्रीलंका और भूटान में प्रवेश के साथ दक्षिण-पूर्व एशिया और खाड़ी सहयोग संगठन के सदस्य देशों में बोट की मौजूदगी और मजबूत होगी। कंपनी उन बाजारों में सोच-समझकर विस्तार कर रही है, जहां उपभोक्ताओं की जरूरतों की समझ, आधुनिक डिजाइन, तकनीक और किफायती कीमतों का उसका संयोजन स्थानीय ग्राहकों को आकर्षित कर सकता है।

बोट के लिए ऑडियो कारोबार की मुख्य श्रेणी बना हुआ है। इसके साथ वह वियरेबल्स, चार्जिंग सॉल्यूशंस और अन्य उभरती उपभोक्ता प्रौद्योगिकी श्रेणियों में भी अपनी क्षमताएं बढ़ा रही है। वित्त वर्ष 2025-26 में वियरेबल्स कारोबार मुनाफे में आया। चार्जिंग सॉल्यूशंस जैसी उभरती श्रेणियों ने ऑडियो कारोबार से इतर कंपनी के मुनाफे में योगदान बढ़ाया।

.....

Next Post

दो दिवसीय अग्रसेन मेला शुरू, आकर्षक प्रतियोगिताओं से सजेगा आयोजन

Thu Oct 15 , 2026
ग्वालियर: श्री अग्रवाल महासभा, ग्वालियर के तत्वावधान में अग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 के अंतर्गत दो दिवसीय भव्य अग्रसेन मेला आज गुरुवार को एन 11 रिसोर्ट डबरा मार्ग पर शुरू हुआ। मेले को लेकर समाजबंधुओं में खासा उत्साह है। 15 एवं 16 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इस मेले में धार्मिक […]

You May Like

Play sound