पेपर लीक मामले में जेन जेड से सड़कों पर उतरने की अपील केजरीवाल की राजनीतिक हताशा और अराजक कार्य शैली का प्रमाण: सचदेवा

नयी दिल्ली , 13 मई (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने पेपर लीक को लेकर जेन जेड से सड़कों पर उतरने के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बयान पर निशाना साधते हुए इसे उनकी राजनीतिक हताशा और अराजक कार्य शैली का प्रमाण बताया है। श्री सचदेवा ने बुधवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि देश का युवा श्री केजरीवाल की घटिया राजनीति को भली भांति समझता है। श्री केजरीवाल ने खुद 2010 -11 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार के विरुद्ध एक युवा आंदोलन दिल्ली में खड़ा किया था, लेकिन मात्र दो साल बाद उसी कांग्रेस के साथ मिलकर 2013 में दिल्ली में सरकार बना ली। वर्ष 2015 में पुनः युवाओं और सामान्य गरीबों को बड़े बड़े सपने दिखा कर श्री केजरीवाल ने दिल्ली की सत्ता हासिल की और फिर अगले 10 साल दिल्ली में भारी भ्रष्टाचार फैला कर युवाओं के साथ हर वर्ग के लोगों को निराश किया। यही सब श्री केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब सरकार ने भी करके राज्य के युवाओं एवं महिलाओं को निराश किया।

उन्होंने कहा, ” श्री केजरीवाल युवाओं को गुमराह करने के लिए कह रहे हैं कि राजस्थान में “राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)” का पेपर लीक हुआ तो वहां की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार जिम्मेदार है। मैं श्री केजरीवाल से पूछता हूं कि पेपर लीक को पकड़ा राजस्थान के स्थानीय पुलिस प्रशासन ने, तो फिर सरकार कैसे दोषी हुई ? यह राजस्थान सरकार की उपलब्धि है कि उसने नकल माफिया का भंडाफोड़ किया है।” दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बेहतर होगा कि श्री केजरीवाल यह अहसास करें कि उनकी 10 साल से अधिक के दिल्ली सरकार तथा चार साल से अधिक के पंजाब सरकार के भ्रष्टाचार को देख चुका देश का युवा यानी जेन जेड अब उनके किसी छलावे में नही आयेगा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मसलों में बयान देकर श्री केजरीवाल पहले भी देश को शर्मसार कर चुकें हैं, खुद को हास्य का पात्र बना चुके हैं। उनके लिए उचित होगा कि वह खुद को अंतरराष्ट्रीय मसलों से अलग रखें ।

Next Post

एयर इंडिया ने अपनी अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों में कटौती की घोषणा की

Wed May 13 , 2026
नयी दिल्ली, 13 मई (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने विमान ईंधन की कीमतों में तेजी और पश्चिम एशिया में हवाई क्षेत्रों पर जारी प्रतिबंधों के बीच अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों में कटौती की घोषणा की है। एयरलाइंस ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह […]

You May Like