इंदौर:फूटी कोठी क्षेत्र में आने वाला वार्ड क्रमांक 85 के ऋषि पैलेस एवं प्रजापत नगर का मुख्य मार्ग पड़ता है. इस मार्ग से तकरीबन आधार दर्जन कॉलोनी की कनेक्टिविटी है. पिछले तीन वर्षों से देखने में आ रहा था कि यहां जर्जर मार्ग सैकड़ों गड्ढों से पटा हुआ था जिससे समस्याएं बनी हुई थी. इसको लेकर नवभारत में कई बार खबर प्रकाशित कर अधिकारियों के संज्ञान में मामला डाला था.
वर्तमान स्थिति में मार्ग का निर्माण शुरू तो हुआ है लेकिन वह भी अधूरे में ही अटक गया है क्योंकि जिस सड़क निर्माण कार्य को पूरी गर्मी के मौसम में किया जाना था. इसकी शुरुआत बरसात के मौसम के करीब की गई, लगातार बरसात होने के कारण पूरे मार्ग का निर्माण कार्य ठप पड़ गया जिससे लोगों की समस्या चार गुना बढ़ गई. पूरा मार्ग कीचड़ से भरा पड़ा है. बड़े-बड़े गड्ढे में भरे पानी के कारण लोगों को खासी परेशानियां उठाना पड़ रही है. बताया जा रहा है कि जब तक बरसात थम नहीं जाती और मौसम खुल नहीं जाता तब तक निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ाया जा सकता. इस खबर से लोगों की चिंताएं और बढ़ गई है.
इनका कहना है
पहले जो उबड़ खबड़ मार्ग था इससे तो बेहतर था. अब तो दिन में कई बार वाहन चालक गिरते हैं. कई बार पार्षद को बोला. उन्होंने आठ दिन का आश्वासन दिया था. अब पचीस दिन हो चुके हैं.
– धर्मेंद्र विश्वकर्मा
जिस सड़क निर्माण कार्य को ठंड या गर्मी में शुरू कर देना चाहिए था वह बरसात के नजदीक किया गया. अब बरसात लग गई है ठंड के मौसम तक ऐसा ही रहेगा जिससे परेशानियां और भी बढ़ गई है.
– नरेंद्र चौधरी
महिलाओं को सामान लाने-ले जाने में परेशानियां हो रही है. बस बच्चे स्कूल जाते हैं तो गिर ही जाते हैं. सब महिलाएं इकट्ठे होकर पार्षद के पास गईं थी. सिर्फ आश्वासन दिया, अभी तक काम बंद पड़ा है.
– मंजू शर्मा
