घर में घुसकर अलमारी से जेवर-नकदी समेट ले गईं दो युवतियां

इंदौर:हीरानगर क्षेत्र में एक निजी बैंककर्मी के घर को निशाना बनाते हुए दो युवतियों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. आरोपित युवतियां सीधे घर में दाखिल हुईं और अलमारी से सोने-चांदी के जेवर व नकदी समेटकर चुपचाप फरार हो गईं. शिकायत पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सुरागों के आधार पर उज्जैन तक दबिश दी, लेकिन आरोपी अब तक पकड़ से बाहर हैं.

मामले में दिलीप यादव ने हीरानगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. वे एक निजी बैंक में कार्यरत हैं, जबकि उनकी पत्नी घर के ग्राउंड फ्लोर पर किराना दुकान चलाती हैं. दो युवतियां अचानक घर में दाखिल हुईं और सीधे ऊपरी माले पर पहुंचकर अलमारी में रखे जेवर और नकदी से भरा बैग उठा ले गईं. आरोपियों को इतनी जल्दीबाज़ी थी कि कपड़ों से भरा एक अन्य बैग वहीं छोड़ गईं.

कुछ देर बाद घर के बेटे ने अलमारी खुली और सामान बिखरा देखा. शक होने पर उसने मां को बुलाया, जिन्होंने पिता को फोन पर सूचना दी. बताया गया कि बेटा युवतियों को घर से बाहर निकलते समय देख चुका था. वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में दोनों युवतियां एक महिला से लिफ्ट लेते हुए दिखीं, फिर एक ऑटो रिक्शा में बैठकर सरवटे बस स्टैंड पहुंचीं. वहां से दोनों ने उज्जैन जाने वाली बस पकड़ी और नानाखेड़ा बस स्टैंड पर उतरती नजर आईं. पुलिस की टीम भी उनके पीछे-पीछे उज्जैन पहुंची, लेकिन इसके बाद उनका कोई अता-पता नहीं चला.

Next Post

मंदिर की जमीन से अवैध गुमटियां, टीन शेड हटाए

Thu Jun 26 , 2025
इंदौर: नगर निगम के रिमूवल दल ने आज छावनी में मंदिर की जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की. निगम जनसुनवाई में छावनी स्थित कलाली मोहले में चारभुजा नाथ मंदिर की जमीन पर अवैध निर्माण और कब्जे के शिकायत मिली थी. निगम ने शिकायत का आज निराकरण करते हुए गुमटी […]

You May Like