अंबुजा सीमेंट का मुनाफा 33 प्रतिशत घटा, पश्चिम एशिया संकट के कारण बढ़ी लागत

मुंबई, 04 मई (वार्ता) अडानी समूह की कंपनी अंबुजा सीमेंट को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में समेकित आधार पर 569 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है जो एक साल पहले की समान तिमाही की तुलना में 33.53 प्रतिशत कम है। निदेशक मंडल की सोमवार को हुई बैठक के बाद वित्तीय परिणामों को मंजूरी प्रदान की गयी। इसमें बताया गया है कि तिमाही के दौरान कंपनी की बिक्री एक साल पहले के 182 लाख टन से बढ़कर 199 लाख टन पर पहुंच गयी। कंपनी ने बताया कि राजस्व में 9.36 प्रतिशत का इजाफा हुआ है और यह 10,915 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि कच्चे माल, परिवहन और दूसरे मदों में व्यय बढ़ने से कंपनी का परिचालन लाभ 1,464 करोड़ रुपये रह गया जो सालाना आधार पर 21.63 प्रतिशत कम है।

निदेशक मंडल ने प्रति इक्विटी शेयर दो रुपये के लाभांश की भी घोषणा की है।कंपनी ने मुनाफे में गिरावट के लिए पश्चिम एशिया संकट को जिम्मेदार ठहराया है। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि पश्चिम एशिया संकट के कारण ईंधन, डीजल, पैकेजिंग के लिए बोरियों की आपूर्ति में कमी और रुपये में गिरावट से कंपनी पर लागत का दबाव बढ़ा है और चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में भी दबाव जारी रहने की संभावना है।

अंबुजा सीमेंट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनोद बहेटी ने कहा कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 में देश में बुनियादी ढांचे के विकास की कहानी की बुनियाद मजबूत है, लेकिन वर्तमान भू-राजनैतिक चुनौतियों और मानसून के कमजोर रहने की संभावना के बीच विकास का परिदृश्य नरम बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इस साल मांग में लगभग पांच प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है।

.....

Next Post

सुरेंद्र सिंह और गुरदित सिंह ने जर्मनी में जीते सात स्वर्ण

Mon May 4 , 2026
नयी दिल्ली, 04 मई (वार्ता) द्रोणाचार्य भूपेंद्र धवन के शिष्य सुरेंद्र सिंह और गुरदित सिंह ने 1 से 3 मई 2026 तक जर्मनी के बिटबर्ग में आयोजित जर्मन पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भारत के लिए गौरव हासिल किया। एक ऐतिहासिक पल में, द्रोणाचार्य भूपेंद्र धवन के शिष्य सुरेंद्र सिंह और गुरदित […]

You May Like