मैच का परिणाम जो भी रहा हो, टीम का आत्मविश्वास बहुत मजबूत है: शार्दुल ठाकुर

मुंबई, 04 जून (वार्ता) ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स के कप्तान शार्दुल ठाकुर ने मुंबई टी20 लीग के अपने दूसरे मुकाबले में एक रन से मिली हार पर निराशा जताई, लेकिन साथ ही कहा कि टीम अब अगले मैच में वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स को आकाश टाइगर्स एमडब्लूएस के खिलाफ जीत के लिए 173 रनों का लक्ष्य मिला था। टीम ने अंत तक संघर्ष किया, लेकिन आखिरकार एक रन से मुकाबला गंवा बैठी। बल्लेबाजी में सैराज पाटिल ने 23 गेंदों में 39 रन, सिद्धांत सिंह ने 19 गेंदों में 37 रन और कप्तान शार्दुल ठाकुर ने 15 गेंदों में 25 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं।

गेंदबाजी में ओंकार तारमले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट हासिल किए।

मुकाबले पर प्रतिक्रिया देते हुए भारत के लिए 25 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके शार्दुल ठाकुर ने टीम के जुझारू प्रदर्शन की सराहना की, हालांकि उन्होंने इतने करीबी मुकाबले में हार की निराशा भी स्वीकार की। शार्दुल ठाकुर ने कहा ,”जाहिर तौर पर हम निराश हैं। जब कोई मैच आखिरी क्षणों तक जाता है और आप इतने कम अंतर से हार जाते हैं, तो दुख होता है। सभी खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया और हमें आखिरी गेंद तक विश्वास था कि हम मुकाबले में बने हुए हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “यह एक लंबी प्रतियोगिता है और हम किसी एक परिणाम में उलझ नहीं सकते। हमारे लिए कई सकारात्मक बातें रहीं। जिस तरह सिद्धांत ने बल्लेबाजी की, सैराज ने प्रभाव डाला, ओंकार ने गेंदबाजी में योगदान दिया और पूरी बल्लेबाजी इकाई ने जिस इरादे के साथ खेला, वह हमारे लिए काफी उत्साहजनक है। हमें इन सीखों को लेकर आगे बढ़ना होगा।”

ठाकुर ने कहा, “कई बार टी20 क्रिकेट में जीत-हार का फैसला एक-दो पलों पर निर्भर करता है। दुर्भाग्य से आज वे पल हमारे पक्ष में नहीं गए। हम निराश जरूर हैं, लेकिन अब हमारा पूरा ध्यान अगले मैच पर है। हमें अच्छी रिकवरी करनी है, बेहतर तैयारी करनी है और पहले से अधिक मजबूती के साथ वापसी करनी है। टूर्नामेंट बहुत तेजी से आगे बढ़ता है और हम अगली चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार रहना चाहते हैं।”

फिलहाल ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स की नजरें 5 जून को एआरसीएस अंधेरी के खिलाफ होने वाले मुकाबले पर हैं।

 

 

Next Post

मराठा रॉयल्स ने मुंबई फाल्कन्स को रोमांचक मुकाबले में कड़ी टक्कर दी

Thu Jun 4 , 2026
मुंबई, 04 जून (वार्ता) भले ही एमएससी मराठा रॉयल्स को हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन मौजूदा चैंपियन टीम ने बुधवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए टी20 मुंबई लीग के एक बेहद करीबी मुकाबले में सोबो मुंबई फाल्कन्स को तीन विकेट से मिली जीत के लिए कड़ी मेहनत […]

You May Like

मनोरंजन