भिंड: जिले में ग्वालियर–इटावा नेशनल हाईवे-719 पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। गोहद चौराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरखड़ी के आगे बंजारे का पुरा के पास तेज रफ्तार डंपर ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रॉली पलट गई और उस पर सवार लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में ट्रॉली के नीचे दबने से सोनकली जाटव निवासी एंडोरी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एंडोरी की सरपंच सुनीता जाटव, उनके पति रामेश्वर जाटव सहित कुल 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों को गोहद सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से सरपंच सुनीता जाटव और उनके पति रामेश्वर जाटव की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार एंडोरी की सरपंच सुनीता जाटव अपने पति और परिजनों के साथ सिलौली गांव में रिश्तेदार राधेलाल के निधन पर अंतिम संस्कार में शामिल होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से लौट रही थीं। इसी दौरान बंजारे का पुरा के पास पीछे से आ रहे डंपर ने ट्रॉली को टक्कर मार दी।
