
नयी दिल्ली, 07 सितंबर (वार्ता) दिल्ली पुलिस ने सत्य निकेतन में गिरी इमारत के मालिक हरिराम गुप्ता को घटना के एक दिन बाद सोमवार को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार किया। पुलिस ने रविवार को हुई इस घटना के बाद आरोपी के खिलाफ ‘लुक आउट सर्कुलर’ जारी किया था। एक अधिकारी ने पुष्टि की, “हरिराम गुप्ता को भिवाड़ी से गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच चल रही है।” गौरतलब है कि दशकों पुरानी वह इमारत रविवार को मरम्मत के दौरान गिर गई, जिसमें छात्रों का हॉस्टल था। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है।
इस दुखद घटना के एक दिन बाद भी इमारत गिरने वाली जगह पर खोज और बचाव अभियान जारी है। दिल्ली पुलिस, दिल्ली अग्निशमन सेवा , राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और अन्य एजेंसियों की टीमें मलबे में उन लोगों की तलाश कर रही हैं जिनका अभी तक पता नहीं चल पाया है। अस्पताल के डॉक्टरों ने पुष्टि की कि छह लोगों को मृत अवस्था में लाया गया था, जबकि एक व्यक्ति की चोटों के कारण मौत हो गई।
