जबलपुर: ट्रांसपोर्ट नगर मेन रोड के निर्माण कार्य में पिछले 3 महीनों से जारी लापरवाही के कारण रहवासियों, रहागीरों का जीना दुभर हो गया है। सडक़ अधूरी छोड़े जाने के कारण पूरे क्षेत्र में कीचड़ फैला हुआ है जिससे लोगों को बेहद समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। इसके अलावा, सडक़ पर बने बड़े-बड़े गड्ढे आए दिन सडक़ हादसों का कारण बन रहे हैं। सडक़ निर्माण में लापरवाही के कारण व्यापारिक और आवासीय गतिविधियां पूरी तरह प्रभावित हो चुकी हैं।
जिसको लेकर नगर कांग्रेस कमेटी के द्वारा सैकड़ों स्थानीय जनों के साथ प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस के कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनों ने हाथों में तख्तीया लेकर जोरदार नारेबाजी की एवं सडक़ निर्माण को जल्द से जल्द पूरा करने चेतावनी दी। प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ शर्मा एवं पूर्व पार्षद जितिन राज ने बताया की सडक़ का निर्माण कार्य पूरी तरह से ठप्प पड़ा हुआ है, जिसकी वजह से आसपास की लगभग 20 कॉलोनियों के हजारों नागरिक रोजमर्रा की आवाजाही में गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
नागरिक इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को अवगत करा चुके हैं, लेकिन आश्वासन के अलावा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। निर्माण कार्य बंद होने से कॉलोनियों का मुख्य संपर्क मार्ग बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। सडक़ निर्माण अधूरा होने के कारण दिनभर मुख्य मार्ग पर जाम लगा रहता है जिससे आम नागरिक गंभीर रूप से परेशान रहते है। पूर्व पार्षद जितिन राज ने चेतावनी देते हुए कहा की जल्द ही इस रोड निर्माण का कार्य पूरा नहीं हुआ तो सांकेतिक प्रदर्शन उग्र प्रदर्शन में बदल सकता है जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। प्रदर्शन के दौरान रितेश अग्रवाल, अन्नू तिवारी, संजय उपाध्याय, मनीष खरे,अभिषेक यादव, ममता ठाकुर, राजा रैकवार, बसंत ठाकुर, सौरभ मिश्रा, मेवालाल पटेल, रवींद्र गौतम, पिंटू चौधरी, पप्पी सोनी, दिलीप चमकेल, संदीप झिरने, विजय विश्वकर्मा, सनी अधिकार, निहाल कलसिया सहित सैंकड़ो स्थानीय जन शामिल हुए।
