36 घंटे में खुलासा: पुरानी रंजिश बनी मौत की वजह

रतलाम। बड़ावदा थाना पुलिस ने सिंदुरकिया में हुए अंधे कत्ल का महज 36 घंटे में खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छह माह पुराने छेड़छाड़ के मामले की रंजिश में इस हत्या को अंजाम दिया गया।

पुलिस के अनुसार 4 अगस्त को हाटपिपलिया चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सिंदुरकिया स्थित मिडिल स्कूल के पास बापूसिंह की पड़त भूमि पर एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान शहनवाज उर्फ साहिल पिता शहजाद शाह निवासी सिंदुरकिया के रूप में की। घटनास्थल के निरीक्षण में धारदार हथियार से हत्या किए जाने के संकेत मिले, जिसके बाद पोस्टमार्टम कराकर हत्या का मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय और एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, साइबर तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और संदिग्धों से लगातार पूछताछ की।

भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ईश्वर उर्फ छोटू पिता रामचंद्र आद्रा (19 वर्ष), निवासी सिंदुरकिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि करीब छह माह पहले मृतक पर आरोपी की कथित भाभी के साथ छेड़छाड़ का मामला दर्ज हुआ था, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।

पुलिस के अनुसार मृतक गांव में उस घटना का बार-बार जिक्र करता था, जिससे आरोपी रंजिश रखता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी ने चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

Next Post

सडक़ किनारे खड़ी महिला को 50 फीट हाईवे पर कार ने घसीटा, मौत

Thu Aug 6 , 2026
ब्यावरा। ब्यावरा-भोपाल हाईवे पर गुरुवार दोपहर एक सडक़ हादसे में एक महिला की मौत हो गई. महिला अपने पति के साथ बाइक से जा रही थी, तभी पति के बाथरूम करने के लिए रुकने पर एक तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी और करीब 50 फीट तक घसीटते […]

You May Like