
ब्यावरा। ब्यावरा-भोपाल हाईवे पर गुरुवार दोपहर एक सडक़ हादसे में एक महिला की मौत हो गई. महिला अपने पति के साथ बाइक से जा रही थी, तभी पति के बाथरूम करने के लिए रुकने पर एक तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी और करीब 50 फीट तक घसीटते हुए ले गई. मृतक गोकुल बाई की बेटी नौसेना में कार्यरत है.
जानकारी के अनुसार, नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र के खेड़ी गांव निवासी हेमराज दांगी (45) अपनी पत्नी गोकुल बाई दांगी (43) के साथ गुरुवार को अपनी बहन के गांव खुरी जा रहे थे. उन्होंने सोनकच्छ ढाबा और मोतीपुरा चौकी के बीच हनुमान मंदिर के पास अपनी बाइक रोकी थी. हादसे के बाद टोल के सीसीटीवी से बचने की कोशिश
पुलिस के अनुसार महिला को टक्कर मारने के बाद कार चालक तेज रफ्तार से ब्यावरा की ओर भागा. रास्ते में कचनारिया टोल प्लाजा पहुंचने से पहले ही उसने वाहन वापस मोड़ लिया, ताकि टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों में उसकी कार रिकॉर्ड न हो सके. हालांकि पुलिस हाईवे और आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपी चालक और वाहन की पहचान करने में जुटी है.
महिला को 50 फीट घसीटा, बाईक 30 फीट दूर गिरी
हेमराज दांगी बाथरूम करने के लिए सडक़ किनारे कुछ कदम दूर गए, जबकि गोकुल बाई सडक़ किनारे बाइक के पास खड़ी थीं. तभी पीछे से आई एक अज्ञात तेज रफ्तार कार ने गोकुल बाई को जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक करीब 30 फीट दूर जा गिरी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. कार गोकुल बाई को लगभग 50 फीट तक घसीटते हुए ले गई. इस हादसे में महिला के दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई. कार चालक मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे. महिला को तत्काल ब्यावरा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
एक बेटी नौसेना में, एक को नीट के
लिए इंदौर छोड़ा
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और रिश्तेदार ब्यावरा सिविल अस्पताल पहुंच गए, जहां पूरे परिसर में चीख-पुकार और गम का माहौल रहा. मृतका अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गई हैं. बड़ी बेटी अश्विंता दांगी (22) भारतीय नौसेना में कार्यरत है, जबकि दूसरी बेटी सुनीता दांगी (20) इंदौर में नीट परीक्षा के लिए पढ़ाई कर रही है. हादसे की खबर मिलते ही दोनों बेटियां गांव के लिए रवाना हो गईं. इस दर्दनाक घटना से पूरे खेड़ी गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. देहात थाने के एएसआई गुलाब सिंह धाकड़ ने बताया कि घटनास्थल नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र में होने के कारण मर्ग कायम कर प्रकरण नरसिंहगढ़ थाने भेज दिया गया है. पुलिस फरार कार और उसके चालक की तलाश करने में जुट गई है. जल्द ही उसे पकड़ा जाएगा.
