नयी दिल्ली, 18 मई (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने केरल में कांग्रेस नेता वी.डी. सतीशन के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर उन्हें बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में राज्य में प्रगति, समावेशी विकास तथा जनकल्याण को और गति मिलेगी। श्री खरगे ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, “केरल में कांग्रेस-यूडीएफ सरकार के शपथ लेने पर श्री वी.डी. सतीशन और मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई। मुझे विश्वास है कि कांग्रेस-यूडीएफ के सामूहिक नेतृत्व में केरल वास्तविक प्रगति और भविष्य उन्मुख विकास का साक्षी बनेगा।” उन्होंने कहा कि गरिमा, न्याय, स्वतंत्रता, समावेशन और सौहार्द उनकी प्रतिबद्धता के प्रमुख स्तंभ रहेंगे।
श्री गांधी ने कहा, “केरल की जनता ने इस सरकार के लिए संघर्ष किया है और जनता की आवाज ही सरकार का मार्गदर्शन करेगी। मैं श्री वी.डी. सतीशन और पूरी मंत्रिपरिषद को बधाई देता हूं। यह सरकार प्रत्येक केरलवासी की आवाज का प्रतिनिधित्व करेगी।” उन्होंने चुनाव अभियान का नेतृत्व करने के लिए के.सी. वेणुगोपाल का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह जीत यूडीएफ के प्रत्येक कार्यकर्ता और डिजिटल योद्धा की है, जिन्होंने अभियान के दौरान अथक मेहनत और त्याग किया। उन्होंने कहा, “अब काम शुरू होता है।” श्रीमती वाड्रा ने श्री सतीशन और संपूर्ण मंत्रिपरिषद को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह क्षण केरल की जनता के यूडीएफ में रखे गए विश्वास और आकांक्षाओं को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री सतीशन के नेतृत्व में केरल करुणा, प्रगति, सद्भाव और समावेशी विकास के मार्ग पर आगे बढ़ेगा तथा शासन के केंद्र में प्रत्येक नागरिक के कल्याण और गरिमा को रखा जाएगा। उन्होंने सरकार को सफलता और जनता की सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं।

