
भोपाल। राजधानी के कोलार थाना क्षेत्र के बंजारा बस्ती में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. महिला की लाश घर के कमरे में जमीन पर पड़ी हुई पाई गई. पुलिस ने सूचना के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मृतका की पहचान बबीता अहिरवार (30) के रुप में हुई है।
मौत की सूचना पर मृतका के मायके वाले घर पर पहुंच गए . उन्होने महिला के पति पर हत्या का आरोप लगाया है.
मृतका के बेटे ने मायके वालों को दी सूचना
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 8 बजे उनका 7 वर्षीय का नाती जिसका नाम समर्थ है नाना के घर पहुंंचा और उसने नाना हरनाम सिंह को बताया कि पापा ने मम्मी को मार दिया है. उसके बाद मृतका परिजन उसके घर पहुंचे. जहां पर उनको बबीता की लाश जमीन पर पड़ी मिली. परिजनों ने शरीर चोट के निशान और चूडिय़ां टूटी हुई देखने पर पति पर गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है.
शराब पीने की वजह से होता था विवाद
बताया जाता है कि मृतका बबीता और सुनील की शादी लगभग 9 साल पहले हुई थी. उनके दो बच्चे एक 7 साल का समर्थ दूसरी बेटी 4 साल की है. पति सुनील अहिरवार वेल्डिंग का काम करता है और प्रतिदिन शराब पीकर घर आता था. जिसका उसकी पत्नी बबीता विरोध करती थी. इस विरोध की वजह से दोनों के बीच विवाद होता रहता था. इस मामले में बच्चों के बयान महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं. क्योंकि उन्होंने ही अपने नाना को बताया था कि पापा ने मम्मी को मार दिया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का होगा खुलासा
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी ने बताया कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है. घटनास्थल से सबूत एकत्रित किए हैं. मृतका के परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चलेगा.
