पाइपलाइन फटने से मुम्बई में सीएनजी की भारी किल्लत

मुंबई, 17 नवंबर (वार्ता) दक्षिण-मध्य मुंबई के वडाला इलाके में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) का एक पाइपलाइन फट गया है जिसके कारण महानगर में लोगों को ईंधन की भारी किल्लत का सामना करना पड़ा है।

गैस आपूर्ति में बड़े पैमाने पर रुकावट आने के कारण मुम्बई के कई पेट्रोल पंप बंद हो गए और यात्रियों को कार्यालय वगैरह जाने में भारी देरी का सामना करना पड़ा।

महानगर में गैस आपूर्ति में अचानक रुकावट के एक दिन बाद पेट्रोल पंपों के आसपास ऑटोरिक्शा, टैक्सियों और एग्रीगेटर कैब की लंबी कतारें देखी गईं, जिससे सड़कों पर यातायात जाम हो गया। सार्वजनिक परिवहन वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें ईंधन भरने के लिए इंतजार करती नजर आईं। कई ड्राइवरों ने बताया कि उन्होंने सीएनजी पाने के लिए रातभर इंतजार किया।

राष्ट्रीय केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स (आरसीएफ) संयंत्र परिसर के अंदर तीसरे पक्ष की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई के कई हिस्सों में रुकावट देखी गई। इससे गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (गेल) की मुख्य गैस पाइपलाइन प्रभावित हुई, जो वडाला स्थित महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) सिटी गेट स्टेशन को गैस की आपूर्ति करती है।

गैस की आपूर्ति में अचानक कमी के कारण कई पंपों पर सार्वजनिक परिवहन बेड़े के लिए सीएनजी का संचालन आंशिक या पूर्ण रूप से स्थगित कर दिया गया। सुबह-सुबह यात्रियों को ऑफिस, स्कूल और नियमित यात्राओं के लिए ऑटो और टैक्सी लेने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। भायखला, कुर्ला, सायन, चेंबूर, बोरीवली, अंधेरी, मुलुंड और वाशी जैसे इलाकों के यात्रियों ने बताया कि उन्हें कम गाड़ियां मिल रही थीं, जबकि वाहनों की आपूर्ति कम होने के कारण ऐप-आधारित कैब के किराए में बढ़ोतरी हुई।

महानगर गैस लिमिटेड के एक प्रवक्ता ने बताया कि रुकावट के दौरान घरों पर कोई असर नहीं पड़ने देने के लिए घरेलू पाइप्ड प्राकृतिक गैस (पीएनजी) की आपूर्ति को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि कंपनी पूरे नेटवर्क में ईंधन स्टेशनों पर सीएनजी की आपूर्ति धीरे-धीरे बहाल करने के लिए काम कर रही है।

गेल के कार्यकारी दीपक गुप्ता ने बताया कि रुकावट एक प्रमुख पाइपलाइन को तीसरे पक्ष द्वारा नुकसान पहुंचाए जाने के कारण हुआ और उसकी बहाली का काम तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने अनुमान लगाया कि पुनः आपूर्ति शुरू होने में लगभग 24 से 30 घंटे लग सकते हैं, जिससे 1.5-2 मिलियन मीट्रिक मानक घन मीटर प्रतिदिन (एमएमएससीएमडी) की हानि हो सकती है।

 

Next Post

स्टालिन ने सऊद अरब में बस हादसे में भारतीयों की मौत पर जताया शोक

Mon Nov 17 , 2025
चेन्नई, 17 नवंबर (वार्ता) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने सोमवार को सऊदी अरब के मदीना के पास हुए बस हादसे पर दुख व्यक्त किया। इस हादसे में उमराह करने जा रहे 42 भारतीय तीर्थयात्रियों के मारे जाने की रिपोर्ट है। श्री स्टालिन ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर शोक […]

You May Like

Play sound