
नीमच। जिले के बोरखेड़ी व रेवली देवली के बीच रविवार देर रात हुए दर्दनाक सडक़ हादसे में पुलिस विभाग के आरक्षक निखिलेश सिंह की मौत के मामले में सोमवार को जिला चिकित्सालय नीमच में पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण को जांच में ले लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर पदस्थ वाहन चालक निखिलेश सिंह पिता नारायण सिंह ठाकुर, उम्र लगभग 46 वर्ष, निवासी महानंदा नगर उज्जैन वर्तमान में डीआरपी लाइन नीमच में पदस्थ थे। रविवार रात करीब 10 बजे वे अपनी स्वीफ्ट कार (एमपी 14 सीबी 3021) से मनासा से नीमच की ओर आ रहे थे। इसी दौरान बोरखेड़ी व रेवली देवली के बीच सामने से आ रहे एक कंटेनर (एमपी 13 एच 0817) ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आरक्षक निखिलेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय नीमच लाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई।दुर्घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, सीएसपी किरण चौहान, डीएसपी निखिलेश सिंह, कैंट थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी जिला चिकित्सालय पहुंचे। सिटी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पीएम के लिए सुरक्षित रखवाया गया।सोमवार को जिला चिकित्सालय में मृतक आरक्षक का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने कंटेनर चालक के विरुद्ध मर्ग कायम कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का कारण माना जा रहा है।बताया जा रहा है कि आरक्षक निखिलेश सिंह पूर्व में जावद एसडीओपी कार्यालय में वाहन चालक के रूप में सेवाएं दे चुके थे।
