शिवराज चौहान ने दिल्ली में वित्त मंत्री सीतारमण से की मुलाकात

नई दिल्ली, 12 जनवरी (वार्ता) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह ने सोमवार को यहां वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की और आगामी केंद्रीय बजट को लेकर कृषि एवं ग्रामीण विकास के संबंध में विस्तृत सुझाव प्रस्तुत किये।

श्री चौहान के कार्यालय ने बताया, ‘ कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री ने हाल के सप्ताहों में देश के विभिन्न राज्यों का दौरा किया और राज्यों के अलावा दिल्ली में भी प्रगतिशील किसानों, कृषि विशेषज्ञों, स्वयं सहायता समूहों, सहकारी संस्थाओं तथा ग्रामीण उद्योगों एवं दोनों मंत्रालयों से संबंधित राष्ट्रीय स्तर की संस्थाओं के वरिष्ठ प्रतिनिधियों से व्यापक संवाद स्थापित किया। इन चर्चाओं से प्राप्त विचारों और सुझावों को एक समग्र कृषि एवं ग्रामीण विकास के सुझाव के रूप में तैयार कर उन्होंने वित्त मंत्री को सौंपा।”

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 2026-27 का केंद्रीय बजट आगामी एक फरवरी को संसद में पेश करेंगी।

श्री सिंह ने बाद में एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्यरत है। श्री चौहान ने कहा कि श्री मोदी नेतृत्व में आगामी आम बजट किसानों और ग्रामीण समाज के लिए प्रेरक होगा। उन्होंने भरोसा व्यक्त किया कि वित्त वर्ष 2026-27 का बजट प्रधानमंत्री के “समृद्ध किसान, सशक्त गांव” के संकल्प को साकार करने में मील का पत्थर सिद्ध होगा।

 

 

 

Next Post

आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ की बच्चों के भविष्य पर केंद्रित पालिसी

Mon Jan 12 , 2026
मुंबई, 12 जनवरी (वार्ता) जीवन बीमा कंपनी आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस ने नया बीमा प्रॉडक्ट ‘आईसीआईसीआई प्रू स्मार्टकिड 360’ पेश करने की सोमवार को घोषणा की जो बच्चों की भविष्य की जरूरतों के लिए तैयार किया गया है। कंपनी ने एक विज्ञप्ति में बताया कि इसके तहत ग्राहक धीरे-धीरे एक […]

You May Like