वाशिंगटन, 16 अगस्त (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि वह सोमवार को ओवल ऑफिस में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की से मुलाक़ात करेंगे।
ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर कहा, “राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की सोमवार दोपहर डी.सी., ओवल ऑफिस आएंगे।” ट्रम्प ने कहा कि पुतिन के साथ उनकी बातचीत के दौरान आम सहमति बनी कि यूक्रेन में संघर्ष को समाप्त करने का सबसे अच्छा रास्ता केवल युद्धविराम नहीं, बल्कि शांति समझौता है। ट्रम्प ने पुतिन के साथ बैठक को “बहुत अच्छी” बताया।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ट्रम्प ने शुक्रवार को अलास्का के एंकोरेज में संक्षिप्त वार्ता की। यह वार्ता तीन-तीन के प्रारूप में हुई और 2 घंटे 45 मिनट तक चली। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और राष्ट्रपति के सहयोगी यूरी उशाकोव ने रूसी पक्ष की ओर से बैठक में भाग लिया। अमेरिका का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री मार्को रुबियो और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने किया।
इस बीच एक सूत्र ने बताया कि यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बीच हुई बातचीत के बाद यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष, नाटो महासचिव और कई यूरोपीय संघ देशों के नेताओं के साथ विचार-विमर्श कर रही हैं।
सूत्र ने बताया, “यूरोपीय आयोग के प्रमुख इस समय फ्रांस, जर्मनी, इटली, फ़िनलैंड, ब्रिटेन और पोलैंड के नेताओं के साथ चर्चा कर रहे हैं। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष और नाटो महासचिव भी इसमें भाग ले रहे हैं।” इससे पहले एक सूत्र ने बताया था कि ट्रम्प ने नाटो महासचिव वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय नेताओं को पुतिन के साथ अपनी बातचीत के बारे में सूचित कर दिया है।
