नयी दिल्ली, 18 मई (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि सिक्किम प्राकृतिक सौंदर्य, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विविधता का अद्भुत उदाहरण है। सिक्किम दिवस के परिप्रेक्ष्य में दिल्ली सचिवालय में आज भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रीमती गुप्ता ने प्रदेश एवं देशवासियों को सिक्किम दिवस की शुभकामनायें देते हुए कहा कि सिक्किम प्राकृतिक सौंदर्य, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विविधता का अद्भुत उदाहरण है। हिमालय की गोद में स्थित यह राज्य जैविक खेती को पूर्ण रूप से अपनाने वाला भारत का पहला पूर्ण ऑर्गेनिक राज्य है, जिसने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में पूरे देश को नई दिशा दी है।सिक्किम ने सदैव शांति, विकास और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण, जैविक कृषि तथा राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सिक्किम का योगदान अत्यंत प्रेरणादायक है।
कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ संकल्प की दिशा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार सभी राज्यों के स्थापना दिवस व त्योहारों का आयोजन कर रही है। आयोजनों से देश की विविध सांस्कृतिक पहचान को प्रोत्साहन मिल रहा है और इससे नई पीढ़ी अवगत हो रही है। इस दौरान सिक्किम के लोक नृत्य सिंघी छाम, खम्पा, तामांग सेलो, मास्क डांस की मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों को मन्त्रमुग्ध किया। नृत्य के जरिए प्रकृति एवं देवताओं की आराधना की गई। गीत-संगीत के इस आयोजन में 10 कलाकारों ने शानदार प्रदर्शन किया।

