रास्ते से भैंस निकालने के विवाद पर गोली मारी

*चार लोगों ने किया हमला*

ग्वालियर। भितरवार के करियावटी गांव में रास्ते से भैंस निकालने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इसके चलते सोमवार को चार लोगों ने मिलकर एक वृद्ध पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने गोली भी चलाई, जिसमें एक गोली वृद्ध के पेट में जा लगी। घायल को गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक करियावटी के चट शीतलपुर निवासी देवी सिंह बघेल और उनके पड़ोसी सुनील बघेल के बीच रास्ते से भैंस निकालने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार की रात भी इसी बात पर विवाद हुआ था, जिसके बाद पुलिस की डायल 100 देवी सिंह को थाने ले गई थी। सोमवार को जब देवी सिंह मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे, तभी करियावटी के पास श्रीकेंद्र बघेल, नवाब सिंह बघेल, रामबरन सिंह बघेल और सुनील बघेल ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने एकराय होकर देवी सिंह पर लाठियों से हमला किया और गोली चला दी। बंदूक से निकली एक गोली देवी सिंह के पेट में जा लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। घायल देवी सिंह को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भितरवार लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया। अस्पताल में घायल देवी सिंह ने पुलिस को बताया कि हमलावरों की संख्या आधा दर्जन थी और उन्होंने तीन गोलियां चलाई थीं, जिनमें से एक उन्हें लगी। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी आए दिन धमकी देते थे, जिसकी शिकायत उन्होंने पहले भी थाने में की थी। इस मामले में भितरवार एसडीओपी जितेंद्र नगाइच ने बताया कि वृद्ध पर जानलेवा हमला हुआ है। मामले में चार आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Next Post

विधानसभा अध्यक्ष ने डॉ. सरीन के निवास पर पहुंचकर शोक व्यक्त किया

Mon Aug 11 , 2025
ग्वालियर। विधानसभा अध्यक्ष एंव पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने समाजसेवी डॉ. देवेंद्र सरीन की धर्मपत्नी स्व. श्रीमती चंचल सरीन के देवलोकगमन पर उनके निवास आनंद नगर बहोडापुर पर पहुंचकर तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और शोकाकुल डॉक्टर सरीन एवं परिजनों से भेंट कर अपनी शोक संवेदनाएँ व्यक्त की। […]

You May Like