
दतिया। मौसम विभाग द्वारा दतिया जिले एवं आसपास के क्षेत्रों में आज रात से कल शाम तक भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के मद्देनजर कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने जिले के सभी संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संभावित आपदा की स्थिति में समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा जनहानि रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।
कलेक्टर वानखड़े ने सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं पटवारियों को अपने-अपने मुख्यालय एवं कार्यक्षेत्र में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर क्षेत्र की स्थिति पर निरंतर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायकों को अपने ग्राम पंचायत मुख्यालय पर उपस्थित रहते हुए विशेष रूप से नदी-नालों के किनारे स्थित गांवों, निचली बस्तियों एवं जलभराव संभावित क्षेत्रों की सतत निगरानी करने को कहा गया है।
उन्होंने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को अपने-अपने नगरीय क्षेत्रों में उपस्थित रहकर निचली बस्तियों, जलभराव वाले स्थानों, नालों एवं प्रमुख जल निकासी स्थलों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आवश्यकता पड़ने पर जल निकासी के लिए टीम एवं आवश्यक संसाधनों को तत्काल सक्रिय करने के लिए कहा गया है।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिले के नदी-नालों, रपटों, पुल-पुलियाओं, तालाबों एवं बाढ़ संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए। किसी भी रपटे, पुल अथवा सड़क के ऊपर पानी आने की स्थिति में तत्काल आवागमन बंद कराया जाए तथा आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग कर कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। किसी भी व्यक्ति अथवा वाहन को जोखिम लेकर पानी पार करने की अनुमति न दी जाए।
उन्होंने कहा कि किसी गांव अथवा शहरी क्षेत्र में जलभराव या बाढ़ की स्थिति निर्मित होने पर संबंधित अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचें तथा आवश्यकता अनुसार प्रभावित नागरिकों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
कलेक्टर वानखड़े ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन 24 घंटे चालू रखने एवं कॉल पर उपलब्ध रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्थानीय पुलिस, होमगार्ड, पंचायत, नगरीय निकाय, विद्युत विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने को कहा गया है।
