
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के मोतीनगर थाना अंतर्गत रविशंकर वार्ड मे पारिवारिक जमीन विवाद के चलते एक युवक की पाईप राड से हमला कर हत्या कर दी गई। हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय मे पेश किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादिया श्रीमती कमलाबाई निवासी मोहन नगर वार्ड, थाना मोतीनगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र अमित सोनी अपने पुत्रों एवं परिजनों के साथ उनके घर पहुंचा। पारिवारिक भूमि एवं संपत्ति विवाद को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने उनके नाती अतुल जड़िया के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों द्वारा अतुल जड़िया के साथ गंभीर मारपीट की गई तथा लोहे के पाइप से उसके सिर पर हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार हेतु उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। घटना के संबंध में थाना मोतीनगर में आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना में शामिल आरोप मे . देव सोनी पिता अमित सोनी,. दिव्यांश सोनी पिता अमित सोनी, . श्रीमती तनु सोनी पति अमित सोनी, एक अपचारी बालक
को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके उपरांत आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त होने पर आरोपियों को केन्द्रीय जेल सागर में न्यायिक अभिरक्षा में दाखिल कराया गया। अपचारी बालक के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार वैधानिक कार्यवाही की गई।
