मेक्सिको सिटी, 16 फरवरी (वार्ता/स्पूतनिक) एल साल्वाडोर की नौसेना ने 6.6 टन कोकीन ले जा रहे जहाज़ को पकड़ा है, जो देश के इतिहास की सबसे बड़ी ड्रग जब्ती है। एल साल्वाडोर के राष्ट्रपति नायिब बुकेले ने सोमवार को यह घोषणा की। इस कोकीन की कीमत करीब 16.5 करोड़ डॉलर है। श्री बुकेले ने सोशल मीडिया पर लिखा, “ हमारी राष्ट्रीय नौसेना ने एल साल्वाडोर के इतिहास की सबसे बड़ी ड्रग जब्ती को अंजाम दिया है।” श्री बुकेले के मुताबिक, यह अभियान एल साल्वाडोर के तट से 380 समुद्री मील (703.7 किलोमीटर) दक्षिण-पश्चिम में हुआ। नौसेना ने 54 मीटर लंबे एफएमएस ईगल को रोका, जो तंजानिया के झंडे के नीचे पंजीकृत एक सहायक जहाज है।
श्री बुकेले ने कहा, “ छिपे हुए डिब्बों में 330 गांठें थीं, जो 6.6 टन कोकेन के बराबर थीं, जिनकी अनुमानित कीमत 16.5 करोड़ डाॅलर है। ”
उन्होंने साफ किया कि मादक पदार्थ को बैलास्ट टैंकों में छिपाया गया था। नौसेना के तैराकों को उनका पता लगाने, हल की जांच करने और मादक पदार्थों की मौजूदगी की पुष्टि करने के लिए लगाया गया था। जहाज पर सवार सभी 10 लोगों को हिरासत में ले लिया गया, जिनमें चार कोलंबियाई, तीन निकारागुआई, दो पनामाई और एक इक्वाडोरियन शामिल थे। श्री बुकेले ने इस अभियान को मादक पदार्थ तस्करी के लिए एक और बड़ा झटका बताया। उन्होंने तस्करों पर तंज़ कसते हुए ‘नये जहाज के लिए’ धन्यवाद दिया।

