सिंगरौली : जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के मझौली स्थित कियोस्क दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी की रकम से अपाची मोटरसाइकिल और सेकेंड हैंड टाटा इंडिका विस्टा कार खरीदी थी। पुलिस ने दोनों वाहनों को जप्त कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जानकारी अनुसार मझौली निवासी रामजनम बैस ने 5 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मझौली कियोस्क सेंटर की दुकान खोलने पर काउंटर में रखी नकदी गायब मिली। सीसीटीव्ही फुटेज की जांच में बैग में रखी नकदी चोरी होने की जानकारी सामने आई। शिकायत के आधार पर बरगवां थाने में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। जहां एसपी षियाज केएम के निर्देश में थाना प्रभारी बरगवां निरीक्षक अनिल कुमार पटेल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। मुखबिरों से मिली सूचना , पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 15 अक्टूबर को दो संदिग्धों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखराम उर्फ पिंटू बियार उम्र 32 निवासी बड़ोखर और नीरज कुमार साकेत उम्र 21 वर्ष निवासी बड़ोखर, थाना बरगवां के रूप में हुई है।
चोरी के पैसों से खरीदे दोनों वाहन
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी की रकम में से 50 हजार रुपये खर्च कर नई अपाची मोटरसाइकिल खरीदी। वहीं करीब 95 हजार रुपये में सेकेंड हैंड सफेद रंग की टाटा इंडिका विस्टा कार खरीदी गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को जप्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जिला जेल भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पटेल सहित उनि वीरेंद्र त्रिपाठी, प्रआर फूल सिंह, शिवराज सिंह, आर अरविंद यादव और महेश पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही
