नयी दिल्ली 26 फरवरी (वार्ता) भारतीय वायु सेना के जाबांज पायलटों ने छह वर्ष पहले आज ही के दिन पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के बालाकोट में एयर स्ट्राइक कर पुलवामा हमले का बदला लेते हुए सैकड़ों आतंकवादियों के साथ अनेक आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया था।
जैश ए मोहम्मद के आतंकवादियों ने 2019 में 14 फरवरी को जम्मू कश्मीर के पुलवामा में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों के काफिले पर विस्फोट से हमला किया था जिसमें करीब 40 जवान शहीद हो गये थे।
भारतीय वायु सेना ने इसके जवाब में 26 फरवरी के तड़के पाकिस्तान के कब्जे वाले बालाकोट में एयर स्ट्राइक में ताबड़ तोड़ हमले किये थे।
वायु सेना के मिराज -2000 लड़ाकू विमानों ने करीब बीस मिनट की कार्रवाई में जैश ए मोहम्मद के अनेक आतंकवादी ठिकानों पर भीषण बमबारी की जिसमें अनेक आतंकवादी ठिकाने राख के ढेर में तब्दील हो गये और लगभग 300 आतंकवादी मारे गये।
