हैदराबाद हीरोज ने मुंबई ड्रीमर्स को हराकर रग्बी प्रीमियर लीग का खिताब अपने नाम कर लिया। इस शानदार खिताबी जीत के बाद चिरंजीवी ने राहुल बोस की टीम की तारीफ।
खेल के मैदान पर जब सिनेमा के सितारे अपना पसीना बहाते हैं, तो रोमांच का लेवल दोगुना हो जाता है। हैदराबाद की सरजमीं पर आयोजित हुए एचएसबीसी रग्बी प्रीमियर लीग के दूसरे सीजन के महामुकाबले में कुछ ऐसा ही दृश्य देखने को मिला। इस बेहद रोमांचक टूर्नामेंट के फाइनल मैच में हैदराबाद हीरोज ने अपनी बादशाहत कायम करते हुए मुंबई ड्रीमर्स को करारी हार दी और चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
मैदान पर खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन को देखने के लिए कई दिग्गज हस्तियां मौजूद थीं। इस ऐतिहासिक खिताबी जीत के बाद साउथ सिनेमा के दिग्गज एक्टर चिरंजीवी कोनिडेला ने खेल के विकास में बॉलीवुड स्टार राहुल बोस के अतुलनीय योगदान की सराहना करते हुए उनकी जमकर तारीफ की है।
बढ़त के बाद भी क्यों पस्त हुई मुंबई की टीम
खबरों के अनुसार इस फाइनल मुकाबले की शुरुआत बेहद अप्रत्याशित रही। मैच के शुरुआती पलों में मुंबई ड्रीमर्स के खिलाड़ियों ने गेंद पर अपना कब्जा बनाए रखा और मैच में दबदबा बनाने की पूरी कोशिश की। हालांकि, वे इस शुरुआती बढ़त को अंकों में तब्दील करने में पूरी तरह नाकाम साबित हुए।
मैदान पर धुरंधरों ने पलटा पासा
हाफ-टाइम से ठीक पहले ही हैदराबाद ने मैच को पूरी तरह से अपने पाले में कर लिया था। टीम के स्टार खिलाड़ी फ्रांसिस्को कोस्कुएलुएला ने अपॉजिट टीम से सूझबूझ के साथ गेंद छीनी और ताइताइफोनो तविता के लिए एक बेहतरीन मौका तैयार किया। इसके बाद मैनुअल मोरेनो की मदद से शिवम शुक्ला ने बेहद आसानी से नंबर हासिल किए।
मैच के इस नाजुक मोड़ पर मॉरिस लॉन्गबॉटम द्वारा किए गए ड्रॉप गोल ने हैदराबाद हीरोज की स्थिति को बेहद मजबूत कर दिया। हाफ-टाइम के बाद भी हैदराबाद का यह जोरदार अंदाज थमा नहीं और डिएगो अर्दाओ ने लगातार 2 बार शानदार स्कोर करके मुंबई ड्रीमर्स की वापसी की उम्मीदों को पूरी तरह तोड़ दिया।
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में राहुल बोस ने जीता दिल
इस जोरदार मुकाबले का अंत हैदराबाद की 41-17 की एकतरफा और बड़ी जीत के साथ हुआ। टूर्नामेंट के सफल समापन पर मेगास्टार चिरंजीवी बेहद खुश नजर आए। उन्होंने इस भव्य आयोजन की सफलता का पूरा श्रेय एक्टर और रग्बी एडमिनिस्ट्रेटर राहुल बोस को देते हुए कहा कि आज खेल की जो स्थिति दिख रही है, उसके पीछे राहुल की कड़ी मेहनत छिपी है।
एक्टर चिरंजीवी ने इस ऐतिहासिक अवसर पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की उपस्थिति का भी उल्लेख किया। इसके साथ ही टूर्नामेंट में 3 स्थान के लिए हुए एक अन्य मुकाबले में बेंगलुरु ब्रेवहार्ट्स ने चेन्नई बुल्स को 22-19 के करीबी अंतर से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
