सतना :सतना के इंदिरा कन्या महाविधालय में मंगलवार को आयोजित होम साइंस की परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र कम पड़ने से कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बन गई .परीक्षा शुरू होने के समय कुछ छात्राओं को प्रश्नपत्र नहीं मिल सके, जिसके कारण परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो पाई. बाद में कॉलेज प्रबंधन ने तत्काल फोटोकॉपी कराकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए और छात्राओं को अतिरिक्त समय देकर परीक्षा संपन्न कराई.
जानकारी के अनुसार परीक्षा के दौरान 3 से 4 प्रश्नपत्र कम पड़ गए थे. प्रश्नपत्रों की कमी सामने आने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने तत्काल फोटोकॉपी की व्यवस्था कराई. इस प्रक्रिया में लगभग 10 मिनट का समय लगा, जिसके कारण परीक्षा देरी से शुरू हुई.मामले को लेकर जब कॉलेज प्राचार्य डॉ. ए.के. पांडे से बात की गई तो उन्होंने बताया कि स्थिति अधिक गंभीर नहीं थी. केवल कुछ प्रश्नपत्र कम पड़े थे, जिन्हें तत्काल फोटोकॉपी कराकर छात्राओं तक पहुंचा दिया गया परीक्षा प्रभावित न हो इसलिए परीक्षार्थियों को अतिरिक्त समय भी दिया गया.
इसके साथ ही कॉलेज प्राचार्य ने बताया कि कई बार कुछ परीक्षार्थी विलंब से परीक्षा फॉर्म जमा करते हैं, जिसके कारण प्रश्नपत्रों की पैकिंग के दौरान उनकी संख्या शामिल नहीं हो पाती इसी वजह से इस तरह की स्थिति बन जाती है,परीक्षा में शामिल छात्राओं का कहना था कि शुरुआत में प्रश्नपत्र नहीं मिलने से थोड़ी असुविधा जरूर हुई, लेकिन बाद में प्रश्नपत्र मिलने और अतिरिक्त समय दिए जाने से परीक्षा सामान्य रूप से संपन्न हो गई.
