नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (वार्ता) देश की प्रमुख विमान सेवा कंपनी इंडिगो के ब्लूचिप सदस्य अब आईप्लेनेट पर एप्पल के उत्पाद खरीदकर रिवॉर्ड प्वाइंट पा सकते हैं।
इंडिगो ने इसके लिए एप्पल के प्रीमियम पार्टनर आईप्लेनेट के साथ करार किया है। एयरलाइंस द्वारा शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि ब्लूचिप सदस्य आईप्लेनेट के समर्पित ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से और देश भर में इसके 78 से अधिक खुदरा स्टोर पर की गयी खरीदारी पर इंडिगो ब्लूचिप्स कमा सकते हैं। यह ऑफर आईफोन, मैकबुक, आईपैड, एप्पल की घड़ियों, एयरपॉड और प्रीमियम एक्सेसरीज़ की विस्तृत रेंज पर लागू है।
इस करार से इंडिगो ब्लूचिप्स पोर्टफोलियो के तहत रिवॉर्ड के अवसर और कमाई का दायरा बढ़ा है।
इंडिगो के मुख्य डिजिटल एवं सूचना अधिकारी नीतन चोपड़ा ने कहा, “आईप्लेनेट के साथ हमारी साझेदारी एक विचारशील और रणनीतिक पहल है, जिसका उद्देश्य इंडिगो ब्लूचिप सदस्यों को सार्थक और अधिक मूल्य के लाभ प्रदान करना है। प्रीमियम लाइफस्टाइल और टेक्नोलॉजी खरीद पर इंडिगो ब्लूचिप्स कमाने का अवसर देकर हम अपने ग्राहकों को यात्रा से परे भी रिवॉर्ड्स अर्जित करने के लिए सशक्त बना रहे हैं।”
आईप्लेनेट के प्रबंध निदेशक राकेश रामानंद ने कहा, “आईप्लेनेट में हम लगातार अपने ग्राहकों को उत्पादों मात्र से आगे बढ़कर अधिक मूल्य देने के तरीकों की तलाश में रहते हैं। इंडिगो ब्लूचिप के साथ हमारी साझेदारी इसी दिशा में एक रणनीतिक कदम है – जो प्रीमियम टेक्नोलॉजी और सार्थक रिवॉर्ड्स को एक मंच पर लाता है। यह सहयोग इंडिगो ब्लूचिप सदस्यों को उनके एप्पल उत्पादों की खरीद पर आसानी से ब्लूचिप्स कमाने की सुविधा देता है, जिससे हर लेन-देन अधिक लाभकारी और अनुभव-आधारित बनता है।”
इसका लाभ पाने के लिए ग्राहक को आईप्लेनेट पर खरीदारी के समय अपना मेंबरशिप आईडी दर्ज करना होगा या आईप्लेनेट स्टोर्स पर बिलिंग के दौरान इसे साझा करना होगा। खरीद प्रक्रिया पूरी होने के बाद ब्लूचिप्स सदस्य के खाते में क्रेडिट कर दिये जायेंगे।
