भाजपा काल में कुछ सबसे बड़े भर्ती घोटाले हुए: कांग्रेस

बेंगलुरु, 24 जुलाई (वार्ता) कर्नाटक कांग्रेस ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर उसके कार्यकाल में राज्य के कुछ सबसे बड़े भर्ती घोटाले होने का आरोप लगाया।

कांग्रेस ने विपक्ष के नेता आर. अशोक के वर्तमान में सरकारी नौकरियों को बेचे जाने और कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) के एक ‘रेट कार्ड’ बनकर रह जाने के आरोप को एक सिरे से खारिज कर दिया। सत्तारूढ़ पार्टी ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान हुए घोटालों के बाद भाजपा के पास भर्ती में पारदर्शिता पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं रह गया है।

कांग्रेस ने अपने एक सख्त बयान में केपीएससी के पूर्व अध्यक्ष शिवशंकरप्पा साहूकार को, जिन्हें हाल ही में अपनी बेटी को सरकारी पद पर नियुक्त करने के आरोप में निलंबित किया गया था, उन्हें खुद 2019 में केपीएससी में नियुक्त करने और 2021 में भाजपा सरकार के तहत अध्यक्ष बनाने का आरोप लगाया। पार्टी ने विवादास्पद पीएसआई भर्ती घोटाले का मुद्दा भी उठाया। उसने 545 पुलिस सब-इंस्पेक्टरों की भर्ती में गड़बड़ियां भाजपा शासन के दौरान होने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि इस मामले में दायर आरोपपत्र में भाजपा नेता दिव्या हगरागी का नाम शामिल था।

कांग्रेस ने विपक्ष को घेरने की कोशिश में केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी और भाजपा से निकाले गए विधायक बसनागौड़ा पाटिल यतनाल के हालिया बयानों का हवाला देते हुए तर्क दिया कि भाजपा और उसके सहयोगियों ने ही पिछली सरकार के कामकाज पर आरोप लगाए थे।

कांग्रेस ने भर्ती में गड़बड़ियां मौजूदा प्रशासन के समय शुरू नहीं होने की बात करते हुए भाजपा पर चल रही जांच का राजनीतिकरण करने की कोशिश का आरोप लगाया। सत्तारूढ़ पार्टी ने पशु चिकित्सा भर्ती विवाद में जांच के पारदर्शी और निष्पक्ष होने की बात दुहराई। उन्होंने दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही, चाहे उसका राजनीतिक संबंध कुछ भी क्यों नहीं हो।

 

Next Post

मितेन्द्र के नेतृत्व में छात्रों का 72 घंटे का धरना शुरू

Fri Jul 24 , 2026
​ग्वालियर। शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों के हितों की रक्षा को लेकर ग्वालियर के आकाशवाणी चौराहे पर शुक्रवार शाम से 72 घंटे का शांतिपूर्ण धरना शुरू हो गया है। इस आंदोलन में बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए, जिससे धरना स्थल पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। ​नीट और […]

You May Like