सोहागपुर में संपत्तिकर में बढ़ोतरी पर नेता प्रतिपक्ष का विरोध, टैक्स दरें वापस लेने की मांग

सोहागपुर। नगर परिषद सोहागपुर द्वारा संपत्तिकर की दरों में की गई वृद्धि को लेकर विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। नगर परिषद के नेता प्रतिपक्ष एवं पार्षद धर्मदास बेलवंशी ने कर वृद्धि पर आपत्ति जताते हुए इसे आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया है।

उन्होंने कहा कि नगर परिषद ने संपत्तिकर की दरों में 7 गुना से 10 गुना तक वृद्धि कर दी है, जिससे नगरवासियों पर सीधा असर पड़ेगा। उनका कहना है कि सोहागपुर में रोजगार के अवसर सीमित हैं और बड़ी संख्या में युवा प्रतिदिन रोजगार के लिए इटारसी और पिपरिया जैसे शहरों की ओर जाते हैं। ऐसे में आम नागरिकों के लिए बढ़ा हुआ कर चुकाना कठिन होगा।

धर्मदास बेलवंशी ने आरोप लगाया कि नगर में कई कॉलोनियों और बड़े कर बकायादारों पर भारी राशि बकाया होने के बावजूद वसूली प्रभावी ढंग से नहीं हो पा रही है। उनका कहना है कि नियमित करदाता समय पर कर जमा करते हैं, जबकि बड़े बकायादारों के प्रति प्रशासन का रवैया अलग दिखाई देता है।

उन्होंने यह भी कहा कि कर वृद्धि संबंधी सूचना सीमित प्रसार वाले समाचार पत्रों में प्रकाशित की गई, जिससे बड़ी संख्या में नागरिकों को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी।

नेता प्रतिपक्ष ने नगर परिषद से कर वृद्धि का निर्णय वापस लेने अथवा इसे सीमित कर 5 से 10 प्रतिशत तक रखने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि नागरिकों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया तो लोगों में असंतोष बढ़ सकता है और विरोध आंदोलन की स्थिति भी बन सकती है।

 

Next Post

संस्कार और संस्कृति पर मुमुक्षु मंडल का 18वां बाल एवं युवा शिक्षण शिविर शुरू

Mon Jun 1 , 2026
भोपाल। दिगंबर जैन मुमुक्षु मंडल के तत्वावधान में 18वें बाल एवं युवा शिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर प्रभारी मोहित बड़कुल ने बताया कि आठ दिवसीय इस शिविर में धर्म, अध्यात्म, संस्कृति, संस्कार और सात्विक जीवन शैली के मूल्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागी […]

You May Like