रामानंद सागर की ‘रामायण’ में सुनील लहरी को पहले शत्रुघ्न के लिए चुना गया था। लक्ष्मण का रोल किसी और को मिला था, लेकिन किस्मत ने करवट ली और सुनील लहरी अमर लक्ष्मण बन गए।
रामानंद सागर की ऐतिहासिक टीवी सीरीज ‘रामायण’ भारतीय टेलीविजन के सबसे यादगार धारावाहिकों में गिनी जाती है। 1987-88 में दूरदर्शन पर प्रसारित इस शो ने न सिर्फ धार्मिक कथाओं को घर-घर पहुंचाया, बल्कि इसके कलाकारों को अमर पहचान भी दिलाई। भगवान राम के रूप में अरुण गोविल, माता सीता के रूप में दीपिका चिखलिया और लक्ष्मण के किरदार में सुनील लहरी आज भी दर्शकों के दिलों में उसी श्रद्धा और सम्मान के साथ बसे हुए हैं। खास बात यह है कि सुनील लहरी का लक्ष्मण बनना महज अभिनय नहीं, बल्कि किस्मत का अनोखा खेल था।
आज भी बहुत कम लोग जानते हैं कि सुनील लहरी को शुरुआत में लक्ष्मण नहीं, बल्कि शत्रुघ्न के किरदार के लिए चुना गया था। खुद सुनील लहरी ने कई इंटरव्यू में इस दिलचस्प किस्से का खुलासा किया है। जब उन्हें पता चला कि रामानंद सागर ‘रामायण’ बना रहे हैं और इसके लिए ऑडिशन चल रहे हैं, तो वह भी अपनी किस्मत आजमाने पहुंचे। ऑडिशन के बाद उनका चयन हुआ, लेकिन लक्ष्मण के लिए नहीं।
