केशकाल घाट में ऑक्सीजन सिलेंडरों से भरा वाहन पलटा, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

कोंडागांव, 15 जून (वार्ता) छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में केशकाल घाट पर सोमवार सुबह ऑक्सीजन सिलेंडरों से भरा एक वाहन ब्रेक फेल होने के कारण पलट गया। दुर्घटना के बाद ऑक्सीजन रिसाव होने से कुछ समय के लिए क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गयी, हालांकि चालक की सूझबूझ और त्वरित पुलिस कार्रवाई से बड़ा हादसा होने से टल गया।

पुलिस के अनुसार, जगदलपुर से ओडिशा के झालागुड़ा की ओर ऑक्सीजन लेकर जा रहा वाहन सुबह लगभग पांच बजे केशकाल घाट के दूसरे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन का ब्रेक फेल होना बताया गया है।

हादसे के बाद वाहन से ऑक्सीजन का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा घेरा बनाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

दुर्घटना में चालक को मामूली चोटें आयी है। चालक ने बताया, “यदि उस समय घाट मार्ग पर यातायात अधिक रहता तो यह दुर्घटना और भी गंभीर रूप ले सकती थी।”

पुलिस ने एहतियातन लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी है। मामले की जांच की जा रही है तथा वाहन को हटाने और मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित बनाने की कार्रवाई जारी है।

 

Next Post

पटना हाईकोर्ट के सात नए न्यायाधीशों ने ली शपथ

Mon Jun 15 , 2026
पटना, 15 जून (वार्ता) पटना उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश मीनाक्षी मदन राय ने सोमवार को पटना हाईकोर्ट के सात नवनियुक्त न्यायाधीशों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्र, बड़ी संख्या में न्यायधीश, अधिवक्ता, विभिन्न पटना हाईकोर्ट अधिवक्ता […]

You May Like