
मुंबई, 12 अगस्त (वार्ता) महाराष्ट्र चेस एसोसिएशन (एमसीए) की मेज़बानी में 16 से 26 अगस्त तक होने वाली एशियन जूनियर चेस चैंपियनशिप 2026 में 10 देशों के 157 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें छह अंतरराष्ट्रीय मास्टर्स और 24 फिडे मास्टर्स और महिला फिडे मास्टर्स शामिल हैं। आज यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में एफसीए के अध्यक्ष परिणय फुके, टूर्नामेंट निदेशक निरंजन गोडबोले और ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी सलिल घाटे ने इसकी घोषणा की।
एशिया के टॉप अंडर-20 टैलेंट वाले इस टूर्नामेंट में क्लासिकल स्विस फ़ॉर्मेट के 9 राउंड के अलावा रैपिड और ब्लिट्ज़ के 7 राउंड भी होंगे। ऑल इंडिया चेस फ़ेडरेशन, एशियन चेस फ़ेडरेशन और फिडे की देखरेख में होने वाला यह टूर्नामेंट मुंबई के आईटीसी मराठा में खेला जाएगा। यह जगह देश के जूनियर्स के बीच सबसे पसंदीदा स्थल में से एक है। इस जगह पर पहले विश्वनाथन आनंद, अभिजीत कुंटे, तेजस बाकरे (पुरुषों में) और तानिया सचदेव, कोनेरू हम्पी, इवाना फुरटाडो (महिलाओं में) जैसे मशहूर खिलाड़ी जीत हासिल कर चुके हैं। इस प्रतियोगिता के विजेताओं में से अगर कोई आईएम है, तो उसे ग्रैंडमास्टर नॉर्म मिलेगा, जबकि जो आईएम नहीं हैं, उन्हें आईएम नॉर्म मिलेगा।
क्लासिकल स्विस फ़ॉर्मेट में 157 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जबकि रैपिड इवेंट में 153 और ब्लिट्ज़ इवेंट में 151 खिलाड़ी खेलेंगे। ओपन सेक्शन के खिलाड़ियों का औसत ईएलओ 2054 है, जबकि जूनियर महिला सेक्शन का औसत ईएलओ 1885 है। ओपन सूची में भारतीय आईएम मयनाक चक्रवर्ती (ईएलओ 2500) सबसे आगे हैं, उनके बाद रूस के एमआई आर्टेम पिंगिन (2477) और भारतीय आईएम अपूर्व कांबले (2441) हैं। जूनियर महिला लिस्ट में भारतीय डब्ल्यूएफएम प्रतीति बोरदोलोई (2252) सबसे आगे हैं, उनके बाद कजाकिस्तान की डब्ल्यूएफए मारिया खोल्याव्को (2217) और तुर्कमेनिस्तान की डब्ल्यूएफए लाला शोहरादोवा (2159) हैं। अन्य प्रतिभाशाली भारतीय खिलाड़ी जिन पर नज़र रहेगी, वे हैं विग्नेश अद्वैत वेमुला (2405), आदित्य ढींगरा (2403) और अक्षय बोरगांवकर (2396)। महिला खिलाड़ियों में डब्ल्यूएफएम स्वरा लक्ष्मी नायर (2155), मृत्तिका मल्लिक (2153) और सरन्या देवी नरहरी से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।
