
सीतामऊ। अवैध मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सीतामऊ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 70 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थाना सीतामऊ पुलिस ने अप.क्र. 38/26 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी सुनील पिता बालाराम उर्फ मालाराम विश्नोई (उम्र 25 वर्ष), निवासी लोहावट, फलोदी (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की सिल्वर रंग की ग्लेंजा कार से 70 किलो डोडाचूरा बरामद किया गया।
पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के परिवहन, भंडारण व विक्रय पर रोकथाम हेतु यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ सुश्री हेमलता कुरील के नेतृत्व एवं एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश प्रजापति द्वारा गठित टीम ने मुखबिर सूचना पर 18 जनवरी 2026 को मऊखेड़ा आम रोड बालाजी मंदिर के पास ग्राम सेमलखेड़ा क्षेत्र से आरोपी को पकड़ा।
पुलिस ने मौके से करीब 1.40 लाख रुपये मूल्य का डोडाचूरा तथा लगभग 7 लाख रुपये कीमत की कार जब्त की है। इस कार्रवाई में निरीक्षक कमलेश प्रजापति एवं सीतामऊ पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।
