मौनी अमावस्या पर घाट-घाट उमड़ा जनसैलाब

जबलपुर। मौनी अमावस्या की अलसुबह से ही जबलपुर के नर्मदा तट श्रद्धा और आस्था के संगम में डूबे नजर आए। ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। जैसे-जैसे सूरज की पहली किरणें नर्मदा जल पर पड़ीं, वैसे-वैसे घाटों पर भक्तों की कतारें लंबी होती चली गईं। कई श्रद्धालु पूरी तरह मौन धारण किए, नंगे पांव घाटों तक पहुंचे और बिना बोले मां नर्मदा में आस्था की डुबकी लगाई।

स्नान के बाद घाटों पर हर-हर नर्मदे के जयघोष, घंटियों की ध्वनि और धूप-दीप की सुगंध से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। लोगों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया, दीपदान किया और दान-पुण्य कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

सभी घाटों पर दिनभर रही भीड़

मौनी अमावस्या के पावन पर्व पर शहर के लगभग सभी नर्मदा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। गौरीघाट, तिलवारा घाट, भेड़ाघाट, सरस्वती घाट और लम्हेटा घाट पर सुबह से देर रात तक भक्तों का तांता लगा रहा। अमावस्या के दिन मां नर्मदा की पवित्र धरा पर स्नान कर पुण्य अर्जित करने की कामना लेकर लोग दूर-दराज से पहुंचे। रात तक दर्शन और दीपदान का सिलसिला लगातार चलता रहा।

मौन रहकर स्नान का विशेष महत्व

मौनी अमावस्या पर पवित्र नदियों में मौन रहकर स्नान करने को विशेष फलदायी माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि ‘मुनि’ शब्द से ही ‘मौनी’ की उत्पत्ति हुई है। इस दिन मौन व्रत का पालन करने से मुनि पद की प्राप्ति होती है। शास्त्रों के अनुसार इसी तिथि पर ब्रह्मा जी ने स्वयंभू मनु की उत्पत्ति कर सृष्टि निर्माण का आरंभ किया था, इसलिए इस अमावस्या को मौनी अमावस्या कहा जाता है।

सुरक्षा के रहे इंतजाम, घाटों तक पैदल पहुंचे श्रद्धालु

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा नर्मदा के सभी प्रमुख घाटों पर व्यापक इंतजाम किए गए थे। घाटों पर पुलिस बल के साथ गोताखोरों की तैनाती की गई थी।इसके साथ ही वाहनों की पार्किंग घाटों से कुछ दूरी पर निर्धारित की गई, जहां से श्रद्धालु पैदल घाटों तक पहुंचे। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कई स्थानों पर डायवर्सन पॉइंट भी बनाए। लेकिन बढ़ती भीड़ के कारण कई जगहों पर जाम की स्थिति भी बनी।

Next Post

बरेला एक्सीडेंट: दो महिलाओं की मौत

Sun Jan 18 , 2026
जबलपुर। बरेला थाना अंतर्गत नेशनल हाइवे सिग्मा कान्हा कॉलोनी के पास एक तेज रफ्तार कार ने एक दर्जन से अधिक श्रमिकों को कुचल दिया। घायलों को मेडिकल कॉलेज लाया गया जहां दो महिलाओं की मौत हो गई है। जानकारी अनुसार नेशनल के पास डिवाइडर ग्रिल पर रंगाई, पुताई का काम […]

You May Like