दो कांस्य पदक जीतकर लौटे रोहित का हुआ स्वागत

ग्वालियर: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर दो कांस्य पदक जीतने वाले शहर के पैरा आर्म रेसलर रोहित सिंह का शनिवार को प्रथम नगर आगमन पर जोरदार स्वागत किया गया। विश्व चैंपियनशिप में मिली इस उपलब्धि से उत्साहित परिजनों, मित्रों और खेल प्रेमियों ने उनके सम्मान में विशाल वाहन रैली निकाली। सुबह करीब 10 बजे रेलवे स्टेशन से शुरू हुई रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए थाटीपुर स्थित रोहित के निवास पर पहुंची। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और मिठाई खिलाकर बधाई दी।
इसके बाद रोहित अपनी बहन, माता-पिता और मित्रों के साथ भांडेर विधायक फूल सिंह बरैया के निज निवास पहुंचे। यहां विधायक ने पुष्पमाला पहनाकर उनका अभिनंदन किया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश व ग्वालियर का नाम रोशन करने पर बधाई दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि रोहित ने अपनी मेहनत, लगन और मजबूत इच्छाशक्ति से यह साबित किया है कि सफलता के रास्ते में शारीरिक चुनौतियां बाधा नहीं बन सकतीं। उनकी उपलब्धि युवाओं और विशेषकर दिव्यांगजनों के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना समाज और सरकार की जिम्मेदारी है। रोहित जन्म से 80 प्रतिशत दिव्यांगता और सेरेब्रल पाल्सी जैसी चुनौती के बावजूद रोहित ने अपने खेल कौशल, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर यह उपलब्धि हासिल की।
रोहित ने कहा कि यह उनके लिए शुरुआत भर है। अभी उन्हें देश के लिए और बड़ी उपलब्धियां हासिल करनी हैं। उनका अगला लक्ष्य ओलंपिक में भारत के लिए पदक जीतना है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, कोच और खेल संघ के पदाधिकारियों को दिया।
मां बोलीं- बेटे की मेहनत रंग लाई :
रोहित की मां ने बेटे की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह पूरे परिवार के लिए गर्व और भावुकता का पल है। रोहित ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद कभी हार नहीं मानी और लगातार मेहनत की। आज उसकी सफलता देखकर वर्षों का संघर्ष सार्थक महसूस हो रहा है। परिवार को विश्वास है कि वह आगे भी देश और शहर का नाम रोशन करेगा।

Next Post

नेतन्याहू ने यूनिटी सरकार के लिए 'बिना किसी शर्त' बातचीत का आग्रह किया, आइजनकोट ने बयान को खारिज किया

Sun Nov 15 , 2026
यरुशलम, 15 नवंबर (वार्ता) इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शनिवार को सार्वजनिक रूप से याशर पार्टी के नेता गादी आइजनकोट से एक राष्ट्रीय एकता सरकार में शामिल होने का आह्वान किया। हालांकि, आइजनकोट ने नेतन्याहू की इस पेशकश को महज ‘राजनीतिक पैंतरेबाजी’ बताते हुए खारिज कर दिया। टाइम्स ऑफ […]

You May Like