
भिंड। लश्कर रोड स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक में गुरुवार दोपहर अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। गोली झाँसी मोहल्ला निवासी सुमेर सिंह राजपूत पुत्र महाराज सिंह राजपूत के पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार सुमेर अपने साथी विकास के साथ बैंक में पैसे निकालने आया था। तभी अचानक बैंक के अंदर गोली चली और युवक घायल होकर सीढ़ियों पर गिर पड़ा। गोली की आवाज से दहशत का माहौल बन गया।
सिटी कोतवाली प्रभारी बृजेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि बैंक में तैनात एक्स फौजी श्याम प्रताप सिंह भदौरिया की 12 नंबर की लोडेड बंदूक गिरने से गोली चल गई, जो युवक के पैर में जा लगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
