इंदौर: लिव-इन रिलेशनशिप से इनकार करने पर एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका पर तेज रफ्तार एक्टिवा चढ़ा दी. गनीमत रही कि युवती की जान बच गई, लेकिन उसे गंभीर चोटें आईं. वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है.
हीरानगर थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि बुधवार शाम कल्पना नगर इलाके में आरोपी राजेंद्र चौरसिया ने युवती का रास्ता रोककर दोबारा साथ रहने का दबाव बनाया.
युवती ने इनकार किया तो दोनों के बीच बहस हो गई. गुस्से में राजेंद्र वहां से चला गया, लेकिन कुछ ही देर बाद वह एक्टिवा से लौटकर युवती की तरफ तेज रफ्तार में बढ़ा और उस पर वाहन चढ़ा दिया. घायल युवती को राहगीरों ने संभाला और अस्पताल पहुंचाया. पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों के बीच अफेयर था और कुछ समय तक वे लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे. राजेंद्र को नशे की लत और हिंसक स्वभाव के कारण युवती ने रिश्ता तोड़ दिया और मुंबई जाकर नौकरी करने लगी. करीब एक महीने पहले पिता के निधन के बाद वह इंदौर लौटी, तो आरोपी फिर उसके घर के आसपास मंडराने लगा.
आरोपी फरार, 7 आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज
पुलिस ने युवती के अस्पताल में बयान दर्ज कर आरोपी राजेंद्र चौरसिया पर छेड़छाड़ और हत्या की कोशिश का प्रकरण दर्ज किया है. आरोपी पर पहले से ही सात आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस ने बुधवार देर रात उसके घर पर दबिश दी, लेकिन वह फरार हो गया, उसकी तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं
