दुबई, (वार्ता) एशिया कप सुपर-4 के आख़िरी मैच में भारतीय टीम शुक्रवार को श्रीलंका से भिड़ेगी। भारतीय टीम सुपर-4 के दोनों मैच जीतकर पहले ही फाइनल में जगह बना चुकी है और यह मुकाबला उसके लिए तैयारियों की अंतिम परीक्षा होगी।
वहीं, शुरुआती दो मैच हारने के बाद श्रीलंका की टीम पहले ही ख़िताबी दौड़ से बाहर हो चुकी है। इस बीच मुक़ाबले से जुड़ी महत्वपूर्ण बातों पर एक नजर डालते हैं।
भारत और श्रीलंका के बीच टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में अब तक 31 मुक़ाबले खेले गए हैं। इस दौरान भारतीय टीम ने 21 मैच अपने नाम किए हैं। श्रीलंका को नौ मुकाबलों में जीत मिल पाई है। एक मैच में कोई नतीजा नहीं निकला है। दोनों टीमों के बीच खेले गए आख़िरी पांच मुकाबलों में भारतीय टीम ने चार मैच अपने नाम किए हैं। श्रीलंका सिर्फ़ एक मैच जीतने में सफल रही है।
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजर
अभिषेक शर्मा ने एशिया कप 2025 में पांच मुक़ाबले खेले हैं और इसकी 5 पारियों में 49.60 की औसत और 206.66 की स्ट्राइक रेट से 248 रन बनाए हैं। श्रीलंका के पथुम निसंका ने 5 पारियों में 30.80 की औसत और 146.66 की स्ट्राइक रेट से 154 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में कुलदीप यादव ने 5 पारियों में 8.08 की उम्दा औसत के साथ 12 विकेट चटकाए हैं। हसरंगा ने 5 पारियों में 17 की औसत से 7 विकेट झटके हैं।
