सतना:जिला चिकित्सालय में देर रात वार्ड नंबर 6 में ड्यूटी पर तैनात एक वार्ड बॉय ने नशे की हालत में जमकर हंगामा किया। आरोप है कि उसने मरीजों के परिजनों से बदसलूकी की, जिसके बाद वार्ड में हंगामा काफी बढ़ गया।प्रत्यक्षदर्शियों और मरीजों के परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नशे में धुत वार्ड बॉय न केवल अभद्र व्यवहार कर रहा था, बल्कि उनसे पैसों की मांग भी कर रहा था। उसकी इस हरकत से मरीजों और उनके परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया।
मामले की जानकारी मिलने पर जब गार्ड वार्ड में पहुंचे, तो नशे में धुत वार्ड बॉय उनसे भी उलझ गया। स्थिति बिगड़ती देख, मरीज के परिजनों और गार्डों को उसे जबरन वार्ड से बाहर निकालना पड़ा। उसे एक अलग कमरे में बैठाया गया, ताकि उसका नशा उतर सके।बताया गया कि नशे में पकड़े गए कंपाउंडर का नाम शोभा है और वह नाइट ड्यूटी में तैनात था।
सिविल सर्जन तक पहुंची शिकायत
लोगों ने आरोप लगाते हुए बताया कि उक्त वार्ड बॉय अक्सर शराब के नशे में ड्यूटी पर आता रहा है। जिसे देखते हुए इस घटना की शिकायत अस्पताल प्रबंधन से कर दी गई है। लिहाजा अब देखने वाली बात होगी कि मरीजों की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मामले में प्रबंधन द्वारा क्या कार्रवाई की जाती है।
