सतना: जयस्तंभ चौक व्यापारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने आज सुबह सतना नगर निगम के महापौर योगेश ताम्रकार से उनके निवास पर भेंट कर जयस्तंभ चौक एवं शहर के मध्य बाजार की जर्जर सड़कों के शीघ्र सुधार की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।संघ के महामंत्री आशीष मोंगिया ने जानकारी देते हुए बताया कि व्यापारियों ने महापौर से चर्चा में कहा कि जयस्तंभ चौक शहर का हृदय स्थल है, जहां से धार्मिक, राजनीतिक तथा विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों और यात्राओं की शुरुआत होती है। इसके बावजूद चौक एवं आसपास की सड़कों की स्थिति अत्यंत खराब है।
अग्रसेन चौक से लेकर स्टेशन रोड तक जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं, वहीं जयस्तंभ चौक से बिहारी चौक होते हुए हॉस्पिटल चौक तक सड़क बेहद जर्जर हो चुकी है।चर्चा के दौरान सभी ने बताया कि खराब सड़कों के कारण रोजाना आवागमन करने वाले लोगों, व्यापारियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राहक दुकानों तक आसानी से नहीं पहुंच पा रहे, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। साथ ही रेस्टोरेशन कार्य भी अब तक शुरू नहीं हुआ है। व्यापारियों ने आशंका जताई कि आगामी बरसात में स्थिति और गंभीर हो सकती है तथा दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाएगा। इसलिए बाजार क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र सड़क सुधार कार्य कराए जाने की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान राकेश अग्रवाल ,आशीष मोंगिया , संदीप जैन ,प्रदीप खिलवानी, आनंद अग्रवाल, दीपक खिलवानी , विपिन अग्रवाल सहित व्यापारी संघ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
महापौर ने दिया आश्वासन
व्यापारियों से चर्चा के दौरान महापौर योगेश ताम्रकार ने आश्वासन दिया कि दो दिन के भीतर प्राथमिक रेस्टोरेशन कार्य शुरू कर रोड रोलर चलाकर सड़कों को समतल किया जाएगा। वहीं जयस्तंभ चौक से दोनों ओर की सड़कों के पुनर्निर्माण का शीघ्र निर्णय लेने और पक्की सड़क बनाने के अनुरोध पर महापौर ने भरोसा दिलाया कि आगामी दो महीनों में यहां सी.सी. रोड निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाएगा, जिससे बरसात से पहले व्यापारियों और आम नागरिकों को चौड़ी एवं बेहतर सड़क उपलब्ध हो सकेगी।
