दोस्ती में दरार बनी जानलेवा, पुलिस ने चारों आरोपियों को दबोचा

इंदौर। खजराना पुलिस ने दोस्तों के बीच हुए विवाद में युवक की हत्या के सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पैसों के लेनदेन और एक लड़की पर किए गए गलत कमेंट को लेकर शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना के बाद पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड और स्कूटी जब्त कर ली है।

मृतक हर्ष गुप्ता (25) निवासी स्कीम नंबर 78 लसुड़िया अपने दोस्त ऋषभ मिश्रा के साथ साईं कृपा कट पर मौजूद था। इसी दौरान दोनों के बीच पैसों के लेनदेन और गर्लफ्रेंड को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि ऋषभ ने अपने साथियों विजेंद्र, आदित्य और रितुल के साथ मिलकर हर्ष पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर घायल हर्ष को साथी तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही खजराना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग क्रमांक 78/25 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज किया। फरियादी पीयूष गुप्ता की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 924/25 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरी के आधार पर सभी आरोपियों की शिनाख्त कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी:

1. ऋषभ मिश्रा (25) निवासी नानक नगर रांझी, जबलपुर, वर्तमान में कंचन विहार स्कीम 114 लसुड़िया।

2. विजेंद्र सिंह (24) निवासी नरीमन प्वाइंट ए ब्लॉक, लसुड़िया, मूल निवासी ग्राम खोडिया खेड़ी, जिला राजगढ़।

3. आदित्य जाट (24) निवासी तुलसी नगर, लसुड़िया, मूल निवासी विवेकानंद नगर, होशंगाबाद।

4. रितुल मिश्र (22) निवासी कंचन विहार, देवास नाका लसुड़िया।

सभी आरोपी बीकॉम पास हैं और निजी कार्य या नौकरी की तलाश में थे। प्रारंभिक जांच में फरियादी और आरोपियों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। पूछताछ में सभी ने स्वीकार किया कि हर्ष के साथ उनका विवाद अचानक हुआ था, जो गुस्से में हत्या तक पहुंच गया। पुलिस ने सभी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।

Next Post

मंडला पुलिस को बड़ी सफलता मोटरसाइकिल चोर गैंग का पर्दाफाश

Tue Nov 11 , 2025
मंडला. पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में कुल 07 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 3.5 […]

You May Like