भोपाल, 19 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंदसौर जिले में किसानों द्वारा सैकड़ों की संख्या में गाेवंश लेकर कृषि उपज मंडी पहुंचने के मामले में सरकार से किसानों और गोवंश दोनों की सुरक्षा को लेकर आग्रह किया है।
श्री पटवारी ने एक्स पोस्ट में इससे जुड़ा वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि सुवासरा विधानसभा में आज किसानों ने वो काम किया जो सरकार को करना था। पहले खेतों में नुकसान कर रही सैकड़ों गायों को एकत्रित कर तहसील और कृषि उपज मंडी परिसर में पहुंचाया, फिर उनके रहने और चारे, पानी की पुख्ता व्यवस्था की। बेसहारा गोवंश किसानों की मेहनत और फसलों का रोज़ाना नुकसान कर रहा है और स्थानीय प्रशासन, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से लेकर सरकार ने आंखें बंद कर रखी हैं।
उन्होंने कहा कि किसान और गोवंश, दोनों की सुरक्षा जरूरी है, इसलिए सरकार क्षेत्र में भटकती गायों के लिए सुरक्षित गौशाला या संरक्षण केंद्र बनाएं। साथ ही किसानों की फसल को हुए नुकसान का त्वरित सर्वे और उचित मुआवजा दिया जाए।
किसानों के गोवंश लेकर मंडी पहुंचने का एक वीडियो साेशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। किसान दावा कर रहे हैं कि लावारिस गोवंश उनके खेतों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वीडियो सुवासरा का बताया जा रहा है।
