हॉकी इंडिया ने सीनियर महिला राष्ट्रीय शिविर के लिए 40 खिलाड़ियों के नामों की घोषणा की

बेंगलुरु, 19 जुलाई (वार्ता) हॉकी इंडिया ने आगामी सीनियर महिला राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के लिए 40 खिलाड़ियों के नामों की शनिवार को घोषणा की।

बेंगलुरु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केंद्र में 21 जुलाई से 29 अगस्त तक आयोजित होने वाला यह शिविर भारतीय महिला हॉकी टीम की पांच सितंबर से चीन के हांगझाऊ में शुरू होने वाले महिला एशिया कप 2025 की तैयारी के मद्देनजर महत्वूपर्ण है। इस टूर्नामेंट की चैंपियन टीम को 2026 एफआईएच महिला विश्वकप के लिए सीधे जगह मिलेगी।

इसमें पिछले शिविर के सभी खिलाड़ियों को बरकरार रखा गया है।

शिविर को लेकर भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने कहा, “यह शिविर हमारे लिए एक बेहद महत्वपूर्ण मोड़ पर है। एशिया कप न केवल एक प्रतिष्ठित महाद्वीपीय टूर्नामेंट है, बल्कि 2026 विश्व कप के लिए एक सीधा रास्ता भी है। हम इस शिविर में पूरी तत्परता और एकाग्रता के साथ भाग ले रहे हैं ताकि हम हांगझाऊ में मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह तैयार टीम के रूप में पहुंच सकें।”

उन्होंने कहा, “हमने निरंतरता बनाए रखने के लिए पिछले शिविर के मुख्य खिलाड़ियों को बरकरार रखा है, साथ ही युवा खिलाड़ियों को सीनियर टीम में शामिल होने के लिए अधिक समय भी दिया है। यूरोप में एक कठिन प्रो लीग अभियान के बाद, जहां हम अपने मनचाहे परिणाम नहीं हासिल कर पाए थे, यह शिविर हमें खुद को फिर से स्थापित करने, फिर से ध्यान केंद्रित करने और मजबूती से वापसी करने का मौका देता है।

उन्होंने कहा, “समूह के भीतर ऊर्जा सकारात्मक है। खिलाड़ियों को पता है कि क्या दांव पर लगा है, और हम हर सत्र का उपयोग अपनी संरचना को बेहतर बनाने, दबाव में निर्णय लेने और समग्र सामंजस्य स्थापित करने के लिए करेंगे।”

भारतीय सीनियर कोर ग्रुप के 40 सदस्य इस प्रकार है:-

गोलकीपर : सविता, बिचु देवी खारीबम, बांसरी सोलंकी, माधुरी किंडो और समीक्षा सक्सेना

डिफेंडर : महिमा चौधरी, निक्की प्रधान, सुशीला चानू, उदिता, इशिका चौधरी, ज्योति छत्री, ज्योति, अक्षता ढेकाले, अंजना डुंगडुंग और सुमन देवी

मिडफील्डर :- सुजाता कुजूर, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, नेहा, सलीमा टेटे, मनीषा चौहान, अजमीना कुजूर, सुनेलिटा टोप्पो, लालरेम्सियामी, शर्मिला देवी, बलजीत कौर, महिमा टेटे, अलबेला रानी टोप्पो और पूजा यादव

फॉरवर्ड :- दिपिमोनिका टोप्पो, रितिका सिंह, दीपिका सोरेंग, नवनीत कौर, संगीता कुमारी, दीपिका, रूतुजा पिसल, ब्यूटी डुंगडुंग, मुमताज खान, अन्नु, चंदना जगदीश और काजल अत्पडकर ।

 

Next Post

भारत बैडमिंटन एशिया जूनियर मिक्स्ड टीम चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में

Sat Jul 19 , 2025
सोलो (इंडोनेशिया), 19 जुलाई (वार्ता) भारत ने शनिवार को इंडोनेशिया में हुए ग्रुप डी मुकाबले में संयुक्त अरब अमीरात को 110-83 से हराकर बैडमिंटन एशिया जूनियर मिक्स्ड टीम चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली। यह जीत शुक्रवार को श्रीलंका पर भारत की पहले दिन की प्रभावशाली जीत […]

You May Like

मनोरंजन