मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री से की बात, दोनों ने परस्पर प्रगति के लिए मिलकर काम करने पर सहमति व्यक्त की

नयी दिल्ली 31 जुलाई (वार्ता) भारत और ब्रिटेन ने प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा, सुरक्षा और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करने और दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नयी ऊंचाई पर ले जाने की वचनबद्धता दोहरायी है।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटेन के नये प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम ने शुक्रवार को टेलीफोन पर बात की।

श्री मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक पोस्ट में इस बातचीत के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने कहा,” यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री एंडी बरहम से बात करके खुशी हुई। मैंने उन्हें पद संभालने पर बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। हम टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, डिफेंस, सिक्योरिटी, क्लीन एनर्जी, एजुकेशन और लोगों के बीच आपसी संबंधों जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करने और भारत-यूके कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप को नई ऊंचाइयों पर ले जाने पर सहमत हुए।”

श्री मोदी ने कहा कि दोनों देश लोगों की साझा समृद्धि और भलाई के लिए, हाल ही में लागू हुए भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते से होने वाले व्यापार और निवेश के अवसरों का पूरा लाभ उठाने के लिए भी मिलकर काम करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि दोनों नेताओं ने भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। वे ‘भारत-यूके विजन 2035’ के अनुरूप टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, रक्षा, सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, शिक्षा और लोगों के बीच आपसी संबंधों जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने पर सहमत हुए। उन्होंने आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।

 

 

 

Next Post

ईरान की चेतावनी के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों की संख्या में भारी कमी

Fri Jul 31 , 2026
ब्रसेल्स, 31 जुलाई (वार्ता) ईरान की चेतावनी के बाद गुरुवार को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों की संख्या में भारी कमी आयी और यह घटकर केवल पांच रह गयी। ईरान ने चेतावनी दी थी कि जब तक अमेरिकी सैन्य अभियान जारी रहेंगे, तब तक यह रणनीतिक जलमार्ग बंद रहेगा। […]

You May Like