
ग्वालियर। घर और बच्चों की देखभाल के लिए जिस पर सबसे ज्यादा भरोसा था, उसी ने जीवन भर की जमापूंजी पर हाथ साफ कर दिया। हजीरा थाना क्षेत्र के मां वैष्णोपुरम कॉलोनी में साली द्वारा अलमारी के लॉकर से करीब 22 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पार कर देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर हजीरा थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मां वैष्णोपुरम निवासी प्रभाकर सिंह नरवरिया ने शिकायत दर्ज कराई है। वह भिंड जिले के हसनपुरा स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक है, जबकि उसकी पत्नी स्वास्थ्य विभाग में एएनएम के पद पर पदस्थ है। दोनों के ड्यूटी पर रहने के कारण घर और बच्चों की देखरेख के लिए उसकी साली पूजा नरवरिया साथ में रहती थी। इस कारण घर की चाबी भी उसी के पास रहती थी।
पीड़ित के अनुसार 11 जनवरी को उसकी पत्नी ने लॉकर में रखे जेवर और नकदी चेक किए थे, तब सब कुछ सुरक्षित था। 12 अप्रैल को जब वह ग्वालियर लौटा और लॉकर खोला तो जेवरात और नकदी गायब मिले।
लॉकर में साढ़े चार तोला का रानी हार, पौने चार तोला की मटर माला, साढ़े तीन तोला के दो कंगन, एक तोला की तीन अंगूठियां, एक तोला की सोने की चेन, पौने एक तोला की झुमकी और 70 हजार रुपये नकद रखे थे। पूछताछ में पहले साली ने अनभिज्ञता जताई, फिर लौटाने का आश्वासन दिया और बाद में साफ इनकार कर दिया। परिजनों को जानकारी दी गई, कई बार पंचायत भी हुई लेकिन जेवर वापस नहीं मिले। चर्चा है कि आरोपी का एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है और उसका कहना है कि जेवरात उसका प्रेमी ले गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
